इजरायल संग साझेदारी से भारत के स्टार्टअप और डीपटेक नवाचार को मिलेगी गति: पीयूष गोयल

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने, विशेष रूप से डीपटेक और उच्च स्तरीय नवाचार को बढ़ावा देने के लिए इजरायल के साथ गहरी साझेदारी की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने यह टिप्पणी इजरायल स्थित पेरेस सेंटर फॉर पीस एंड इनोवेशन की यात्रा के दौरान की।

गोयल ने कहा कि आने वाले वर्षों में भारत का लक्ष्य दुनिया का स्टार्टअप राजधानी बनना है। उन्होंने कहा कि भारत और इजरायल की व्यापक साझेदारी में तकनीक और नवाचार महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा, “मैं यह समझने आया हूं कि एक छोटा सा देश इतनी बड़ी नवाचार शक्ति कैसे बन सकता है। इजरायल ने चुनौतियों को अवसर में बदलने का जो तरीका अपनाया है, वह बेहद प्रेरणादायक है।”

गोयल ने कहा कि इजरायल ने रक्षा, कृषि, स्वास्थ्य और जलवायु परिवर्तन जैसे क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक का सफल उपयोग करते हुए एक अनोखा मॉडल स्थापित किया है, जिससे भारत बहुत कुछ सीख सकता है। उन्होंने कहा कि भारत पैमाने की अर्थव्यवस्था (economies of scale) की क्षमता के कारण उच्च गुणवत्ता वाले नवाचार को कम लागत पर विकसित कर सकता है, और इस दिशा में इजरायल के साथ सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मंत्री ने कहा कि इजरायल की जनसंख्या में लगभग हर एक हजार लोगों पर एक स्टार्टअप है, और यह भारत के लिए एक प्रेरणादायक मॉडल है।

पेरेस सेंटर में अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने कहा, “यह केंद्र इजरायल की रचनात्मकता, तकनीक और सामाजिक प्रभाव की यात्रा को दर्शाने वाला प्रेरक स्थल है। इसने विकास और नवाचार के संबंधों को समझने में महत्वपूर्ण अंतर्दृष्टि दी।”

इससे पहले पीयूष गोयल और इजरायल के अर्थव्यवस्था एवं उद्योग मंत्री नीर बरकात ने मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर बातचीत के लिए टर्म्स ऑफ रेफरेंस (ToR) पर हस्ताक्षर किए। गोयल के अनुसार यह समझौता दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और रणनीतिक सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में अहम कदम होगा।

RELATED ARTICLES