Print

कनाडा के टोरंटो में यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त, सभी 80 यात्री सुरक्षित

कनाडा के टोरंटो में सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा हुआ जब मिनियापोलिस से आ रही डेल्टा एयरलाइंस की फ्लाइट लैंडिंग के दौरान रनवे पर संतुलन खो बैठी और दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में विमान में सवार सभी 80 यात्री सुरक्षित बच गए हालांकि 18 लोग घायल हो गए।

हादसे के दौरान विमान तेज हवा (61 किमी/घंटा) के कारण असंतुलित हो गया और लैंडिंग के तुरंत बाद उसका एक पंख टूट गया। इसके बाद विमान पलट गया जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, चालक दल के सदस्यों ने सतर्कता दिखाते हुए सभी यात्रियों को जल्दी से विमान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा गया कि यात्री बर्फ से ढके हवाई क्षेत्र में बाहर निकल रहे थे जबकि अग्निशमन कर्मी विमान पर फोम डालकर आग लगने से रोकने का प्रयास कर रहे थे।

यह विमान एम्ब्रेयर सीआरजे-900 मॉडल का था और इसे डेल्टा एयरलाइंस की सहायक कंपनी एंडेवर एयर संचालित कर रही थी। बड़े यात्री विमानों के इस तरह पलटने की घटनाएं दुर्लभ मानी जाती हैं इसलिए कनाडा का परिवहन सुरक्षा बोर्ड इस दुर्घटना की गहराई से जांच करेगा। इस जांच में अमेरिकी संघीय उड्डयन प्रशासन और राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड भी सहायता करेंगे।

डेल्टा एयरलाइंस के सीईओ एड बास्टियन ने बयान जारी कर कहा कि वे घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं और यात्रियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी बताया कि हादसे से जुड़ी जानकारी जल्द ही एयरलाइंस की आधिकारिक वेबसाइट पर साझा की जाएगी।

यह दुर्घटना हाल ही में उत्तरी अमेरिका में हुई कई विमान दुर्घटनाओं जैसी ही है। 29 जनवरी को वाशिंगटन में एक सैन्य हेलीकॉप्टर ने अमेरिकन एयरलाइंस के जेट को टक्कर मार दी थी जिससे दोनों विमान पोटोमैक नदी में गिर गए और 67 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं 1 फरवरी को फिलाडेल्फिया में एक एयर एम्बुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिसमें 6 लोगों की जान चली गई थी। इसके अलावा, 6 फरवरी को अलास्का में एक विमान बर्फीले जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था जिसमें सभी 10 यात्रियों की मौत हो गई थी। (IANS)

RELATED ARTICLES

06/11/26 | 4:19 pm | India US military exercise

भारत-अमेरिका का संयुक्त सैन्य अभ्यास टाइगर ट्रायम्फ 2026 संपन्न, विशाखापत्तनम में हुआ समापन समारोह

भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय त्रि-सेवा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) अभ्यास 'टाइगर ...

06/11/26 | 8:45 am | Democrats

ट्रंप ने ईरान पर और सैन्य कार्रवाई के दिए संकेत, डेमोक्रेट्स युद्ध खत्म करने की कर रहे तैयारी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ और सैन्य कार्रवाई करने के संकेत दिए हैं। हाल...