अहिंसा के संदेश के साथ बापू को नमन, गांधी स्मृति में प्रार्थना सभा में शामिल हुए पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित गांधी स्मृति में आयोजित प्रार्थना सभा में भाग लिया। यह प्रार्थना सभा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित की गई थी। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी वहां मौजूद स्कूली बच्चों से बातचीत करते भी नजर आए।

78वीं पुण्यतिथि पर बापू को नमन

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर मेरा शत-शत नमन। पूज्य बापू का हमेशा स्वदेशी पर बल रहा, जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के हमारे संकल्प का भी आधारस्तंभ है। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व देशवासियों को कर्तव्य पथ पर चलने के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।”

अहिंसा के मार्ग पर चलने का संदेश

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पूज्य बापू ने मानवता की रक्षा के लिए हमेशा अहिंसा पर बल दिया। उन्होंने कहा कि अहिंसा में वह शक्ति है, जो बिना हथियार के दुनिया को बदल सकती है। उन्होंने बापू के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा, “अहिंसा परमो धर्मस्तथाऽहिंसा परन्तपः। अहिंसा परमं सत्यं यतो धर्मः प्रवर्तते॥”

राजघाट पर भी अर्पित की श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने राजघाट पर भी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि बापू के शाश्वत आदर्श हमारे राष्ट्र के मार्गदर्शन का काम करते रहेंगे। हम उनके सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हैं और न्याय, सद्भाव और मानवता की सेवा पर आधारित भारत के निर्माण के लिए संकल्पित हैं।

लखनऊ में सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि

इससे पहले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के जीपीओ पार्क में स्थापित गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। श्रद्धा और सम्मान के वातावरण में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने माल्यार्पण के बाद कुछ क्षण का मौन रखकर बापू को स्मरण किया।

भजनों से गूंजा जीपीओ पार्क

श्रद्धांजलि समारोह के दौरान स्कूली बच्चों ने महात्मा गांधी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति दी। ‘रघुपति राघव राजाराम’ सहित अन्य भजनों की मधुर धुनों से पूरा जीपीओ पार्क गूंज उठा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 15 मिनट तक एकाग्रता के साथ भजनों को सुना और बच्चों की प्रस्तुति की सराहना की। इसके बाद उन्होंने गांधी प्रतिमा के समक्ष सभी स्कूली बच्चों के साथ फोटो भी खिंचवाई। (इनपुट: आईएएनएस)