पेट्रोल-डीजल के रेट में हुई बढ़ोतरी, दिल्ली में पेट्रोल 98.64 रुपये, डीजल 91.58 रुपये प्रति लीटर पहुंचा

केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर बढ़ोतरी की है। इस बार पेट्रोल 86 पैसे प्रति लीटर और डीजल 83 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है। बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल की नई कीमत 98.64 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 91.58 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

यह दूसरी बढ़ोतरी है

इससे पहले शुक्रवार, 15 मई को भी ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी की गई थी। उस समय पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए थे, जबकि सीएनजी की कीमत में 2 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। इसके बाद विपक्ष की ओर से तीखी प्रतिक्रियाओं समेत राजनीतिक बयानबाजी भी देखने को मिली थी।

भाजपा नेताओं ने फैसले का बचाव करते हुए वैश्विक तुलना पेश की। पार्टी के आईटी प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि पश्चिम एशिया में युद्ध और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की अस्थिरता के कारण ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर रहा। 

उन्होंने आंकड़ों के साथ दावा किया कि:

– अमेरिका में पेट्रोल 44.5% और डीजल 48.1% महंगा हुआ
– पाकिस्तान में पेट्रोल 54.9% महंगा हुआ
– ब्रिटेन में पेट्रोल 19.2% और डीजल 34.2% महंगा हुआ
– भारत में यह वृद्धि सबसे कम रही — पेट्रोल में मात्र 3.2% और डीजल में 3.4%

सरकार और भाजपा का तर्क है कि वैश्विक संकट के बावजूद भारत आम नागरिकों पर बोझ सबसे कम रखने में सफल रहा है। यह लगातार दूसरी बढ़ोतरी उपभोक्ताओं के लिए महंगाई का नया दौर ला सकती है, खासकर परिवहन और दैनिक जरूरतों से जुड़ी वस्तुओं की कीमतों पर इसका असर पड़ने की आशंका है।

वहीं कीमतों में इस लगातार इजाफे पर विपक्ष ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि विधानसभा चुनाव खत्म होते ही सरकार ने पहले कमर्शियल एलपीजी और अब पेट्रोल-डीजल महंगे कर दिए हैं। उन्होंने इसे पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध और अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों से जोड़ते हुए महंगाई बढ़ने का खतरा बताया। (इनपुट-एजेंसी)

RELATED ARTICLES

2 hours ago | 24x7 Uninterrupted Power Supply in India

केंद्र ने 24 घंटे बिजली आपूर्ति के लिए राज्यों को ऊर्जा भंडारण क्षमता बढ़ाने की दी सलाह

केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मिशन मोड में ऊर्जा भंडारण क्षमता स्थाप...

2 hours ago | 49.6 Crore People Lifted Out of Poverty in India

12 वर्षों में 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर, जानिए कैसे बदली भारत की तस्वीर

भारत में 2011 से 2023 के बीच अनुमानित 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए। इस दौरान निम्न-मध्यम आय वाले देशों ...