Print

सिंगापुर में पीयूष गोयल ने निवेश और व्यापार बढ़ाने पर दिया जोर

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सिंगापुर और पूरे एशिया के साथ भारत के आर्थिक संबंधों को और गहरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने दोनों देशों के बीच बिजनेस-टू-बिजनेस सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया।

सिंगापुर में इंडिया-सिंगापुर बिजनेस फोरम को संबोधित करते हुए गोयल ने भारत की आर्थिक वृद्धि, निवेश के अवसरों और कारोबार को आसान बनाने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा की। कार्यक्रम में INSEAD के पूर्व छात्र और विद्यार्थी, सिंगापुर के उद्यमी तथा भारतीय कारोबारी शामिल हुए।

गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार देश में कारोबार और निवेश के लिए बेहतर माहौल तैयार करने पर लगातार काम कर रही है।

इससे पहले गोयल ने कहा कि भारतीय किसानों और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्माताओं के लिए सिंगापुर के बाजार में अपनी मौजूदगी बढ़ाने के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। इसके जरिए भारतीय उत्पादों की पहुंच पूरे आसियान क्षेत्र और ऑस्ट्रेलियाई बाजार तक बढ़ाने का प्रयास है।

गोयल ने सिंगापुर की विदेश मामलों तथा व्यापार एवं उद्योग राज्य मंत्री गण सिओ हुआंग और अन्य गणमान्य लोगों के साथ APEDA-FairPrice रोडशो-सह-इन-स्टोर प्रमोशन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य भारत के कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देना है।

इस कार्यक्रम के तहत जैविक उत्पाद, ताजे फल एवं सब्जियां, जमे हुए फल एवं सब्जियां, डेयरी उत्पाद, काजू, चावल, बाजरा आधारित उत्पाद और भारत के विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त अन्य उत्पादों को सिंगापुर के बाजार में बढ़ावा दिया जा रहा है।

गोयल ने सिंगापुर स्थित ग्लोबल फाइनेंस एंड टेक्नोलॉजी नेटवर्क के ग्रुप सीईओ सोपनेन्दु मोहंती से भी मुलाकात की। दोनों ने वित्तीय नवाचार, प्रौद्योगिकी और डिजिटल अर्थव्यवस्था के उभरते क्षेत्रों में भारत-सिंगापुर सहयोग को बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि भारत का तेजी से विकसित हो रहा वित्तीय तंत्र और सिंगापुर का वैश्विक वित्तीय एवं प्रौद्योगिकी नेटवर्क दोनों देशों के बीच सहयोग के लिए व्यापक संभावनाएं पैदा करते हैं।

गोयल ने सिंगापुर में Keppel Infrastructure की सीईओ सिंडी लिम से भी मुलाकात की।

इसके अलावा, गोयल ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद के साथ चौथी भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय गोलमेज बैठक में भी हिस्सा लिया।

इनपुटः आईएएनएस