प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में एनडीए सरकार के 11 साल पूरे हो गए। इस दौरान भाजपा नेता इस कालखंड में केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनवा रहे हैं। बुधवार को बूंदी में चित्तौड़ के भाजपा सांसद चंद्र प्रकाश जोशी ने इन 11 सालों को ऐतिहासिक कालखंड बताया।
11 साल के दौरान विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत, संकल्प से सिद्धि को ध्यान में रखकर स्वर्णिम कार्य हुए हैं
भाजपा सांसद चंद्र प्रकाश जोशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा, “पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का 11 साल ऐतिहासिक कालखंड का रहा है। इस दौरान विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत, संकल्प से सिद्धि को ध्यान में रखकर स्वर्णिम कार्य हुए हैं। पीएम मोदी ने स्वयं अपने नहीं बल्कि देश की 140 करोड़ जनता के सहयोग से भारत को दुनिया की एक बड़ी ताकत के रूप में उभारा है। पीएम मोदी ने एक नई सोच और दिशा के साथ विकसित भारत की जो संकल्पना की थी, उसे सिद्धि तक पहुंचाने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया है। जहां तकनीक है, वहां तरक्की है। जहां भाजपा की सरकार है, वहां गरीबों के लिए कल्याण है। सेवक के रूप में सरकार काम कर रही है।”
2014 में जब पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार आई तो उन्होंने कहा कि मेरी सरकार गांव, वंचित, गरीब, शोषित वर्ग के लिए समर्पित है
अगर गरीब कल्याण की बात करें तो पहले पूर्व की सरकारों की तरफ से गरीब हटाओ के नारे दिए जाते थे, लेकिन 2014 में जब पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार आई तो उन्होंने कहा कि मेरी सरकार गांव, वंचित, गरीब, शोषित वर्ग के लिए समर्पित है। उन्होंने सिर्फ यह कहा नहीं बल्कि इसे लागू करके भी दिखाया। पिछले 11 वर्षों में मोदी सरकार की तरफ से भारत की अर्थव्यवस्थाओं को बढ़ाने के लिए कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य किए गए।
देश का नया संसद बना तो उसमें पहला कानून आया कि देश की संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए
महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखकर मोदी सरकार द्वारा किए गए कार्यों को बताते हुए उन्होंने कहा, “देश का नया संसद बना तो उसमें पहला कानून आया कि देश की संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए। सीआईएसएफ और सीआरपीएफ में महिलाओं का कमीशन होना, सैनिक स्कूल में बच्चियों का एडमिशन होना, सुकन्या समृद्धि योजना से लेकर मातृ वंदना योजना जैसे अनेक योजनाएं महिला सशक्तिकरण के लिए लाई गई हैं।”(इनपुट-आईएएनएस)


