भारत-इटली संबंधों पर पीएम मोदी और जाॅर्जिया मेलोनी ने की बातचीत, यूक्रेन संकट के समाधान पर भी हुई चर्चा

पीएम मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच आज बुधवार को टेलीफोन पर बातचीत हुई। इस वार्ता में दोनों नेताओं ने भारत और इटली के बीच रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की। इसके अलावा दोनों नेताओं ने निवेश, रक्षा, सुरक्षा,अंतरिक्ष, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, शिक्षा, जनसंपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग को सकारात्मक बताया। उन्होंने इस साझेदारी को 2025-29 के संयुक्त रणनीतिक कार्ययोजना (Joint Strategic Action Plan 2025-29) के तहत और मजबूत करने का संकल्प लिया।

वार्ता के दौरान दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने यूक्रेन संघर्ष का शीघ्र और शांतिपूर्ण समाधान खोजने की आवश्यकता पर सहमति जताई। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की ओर से इस दिशा में हर संभव समर्थन का आश्वासन दिया।

प्रधानमंत्री मेलोनी ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए इटली के मजबूत समर्थन को दोहराया। उन्होंने 2026 में भारत द्वारा आयोजित किए जाने वाले एआई इम्पैक्ट समिट की सफलता के लिए भी समर्थन जताया। इसके अलावा, दोनों नेताओं ने इंडिया मिडिल ईस्ट इकोनॉमिक काॅरीडोर के तहत कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए कदम उठाने पर सहमति जताई।

बातचीत के अंत में दोनों नेताओं ने आपसी संवाद बनाए रखने और संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

RELATED ARTICLES