प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने ऊर्जा, व्यापार, समुद्री सुरक्षा, रक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों, खाद्य सुरक्षा और डिजिटल अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को नई गति देने पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में 2018 में स्थापित भारत-इंडोनेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा के साथ ही आगे के रोडमैप पर जोर दिया गया। दोनों देश रक्षा और समुद्री सहयोग को और मजबूत करने पर विशेष फोकस कर रहे हैं।
प्रमुख उम्मीदें:
– रक्षा एवं समुद्री सुरक्षा में गहरे सहयोग
– महत्वपूर्ण खनिजों और खाद्य सुरक्षा क्षेत्र में नई साझेदारी
– डिजिटल अर्थव्यवस्था और व्यापार विस्तार
– प्रम्बानन मंदिर परिसर के रेस्टोरेशन कार्य की शुरुआत की घोषणा
इंडोनेशिया में भारत के राजदूत संदीप चक्रवर्ती ने बताया कि दोनों नेता प्रम्बानन मंदिर परिसर के रेस्टोरेशन प्रोजेक्ट शुरू करने की घोषणा कर सकते हैं।
भव्य स्वागत और गर्मजोशी
इससे पहले मर्डेका पैलेस (इंडोनेशिया का प्रेसिडेंशियल पैलेस) में प्रधानमंत्री मोदी का औपचारिक स्वागत किया गया। राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने खुद प्रधानमंत्री को गले लगाकर स्वागत किया। स्कूली बच्चों ने दोनों देशों के झंडे लेकर पीएम मोदी का स्वागत किया, जिस पर पीएम मोदी ने हाथ हिलाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति प्रबोवो के एयरपोर्ट पर व्यक्तिगत रूप से स्वागत करने के भाव की सराहना की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा:
“राष्ट्रपति प्रबोवो का एयरपोर्ट पर स्वागत करना बहुत गर्मजोशी और भावनाओं से भरा था।”
उन्होंने कहा, “साल 2018 में भारत और इंडोनेशिया के संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचाया गया था, जिसका लाभ दोनों देशों के लोगों को मिला है। इस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति प्रबोवो और मैं विभिन्न क्षेत्रों में इस साझेदारी को और मजबूत बनाने के लिए विस्तार से चर्चा करेंगे।”
प्रधानमंत्री मोदी ने जकार्ता पहुंचने पर हुए भव्य स्वागत का वीडियो भी X पर साझा किया था। यह यात्रा भारत और इंडोनेशिया के बीच रणनीतिक साझेदारी को और गहरा बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। (इनपुट-एजेंसी)


