जकार्ता में भारतीय समुदाय से पीएम मोदी का आह्वान, ‘विकसित भारत 2047’ में दें योगदान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को जकार्ता में भारतीय समुदाय के स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए प्रवासी भारतीयों की भूमिका की सराहना की और भारत-इंडोनेशिया संबंधों को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय समुदाय दोनों देशों के बीच मित्रता का मजबूत आधार है और साझा विरासत, विश्वास तथा समुद्री संपर्क भारत-इंडोनेशिया संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

भारतीय समुदाय के गर्मजोशी भरे स्वागत पर जताया आभार

प्रधानमंत्री ने भारतीय समुदाय द्वारा किए गए भव्य स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो की गरिमामयी उपस्थिति के लिए भी धन्यवाद दिया और उन्हें भारत का सच्चा मित्र तथा दूरदर्शी नेता बताया। उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया में रह रहा भारतीय समुदाय दोनों देशों के बीच मित्रता को लगातार मजबूत कर रहा है।

साझी विरासत और सभ्यतागत संबंधों का किया उल्लेख

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया के बीच हजारों वर्षों पुराने सभ्यतागत, सांस्कृतिक और समुद्री संबंध हैं। उन्होंने बाली यात्रा, वेसाक तीर्थयात्रा और नालंदा विश्वविद्यालय के माध्यम से दोनों देशों के बीच लोगों के आपसी जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि ये परंपराएं आज भी दोनों देशों के रिश्तों को नई ऊर्जा प्रदान कर रही हैं।

भारत की विकास यात्रा का किया जिक्र

प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल के वर्षों में भारत ने बुनियादी ढांचे, स्टार्टअप इकोसिस्टम और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर आए हैं और भारत लगातार दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि भारत में हो रहे परिवर्तन 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब हैं।

‘विकसित भारत 2047’ और ‘इंडोनेशिया एमास 2045’ में योगदान का आह्वान

पीएम मोदी ने प्रवासी भारतीयों से ‘विकसित भारत 2047’ और ‘इंडोनेशिया एमास 2045’ के लक्ष्यों को साकार करने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत, इंडोनेशिया और पूरे आसियान क्षेत्र की प्रगति तथा समृद्धि के लिए ‘फोर्स मल्टीप्लायर’ की भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

भारत-इंडोनेशिया संबंधों में अहम कड़ी है भारतीय समुदाय

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया के बीच दो हजार वर्ष से अधिक पुराने सांस्कृतिक और लोगों के आपसी संबंध हैं। वर्तमान में इंडोनेशिया में करीब 1.5 लाख भारतीय मूल के लोग और लगभग 15 हजार प्रवासी भारतीय रहते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय इंडोनेशिया के आर्थिक विकास और बहुसांस्कृतिक समाज में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ-साथ दोनों देशों के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य कर रहा है। (इनपुट: पीआईबी)

RELATED ARTICLES

6 mins ago | Cornea Donation

विश्व नेत्रदान दिवस: रोशनी बांटने का संकल्प, लाखों लोगों की जिंदगी बदल सकता है एक फैसला

नेत्रदान ऐसा मानवीय कार्य है, जो किसी दृष्टिहीन व्यक्ति के जीवन में दोबारा उजाला ला सकता है। हर ...

36 mins ago | Asim Munir Pakistan

ईरानी विदेश मंत्री की सक्रिय कूटनीति, पाकिस्तान, ओमान और तुर्किए के विदेश मंत्रियों से क्षेत्रीय हालात पर अहम चर्चा

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने ईरान पर अमेरिका के नए हमलों के बाद अपने ओमानी और तुर्...