पीएम मोदी ने भारत के विकास में आगा खान विकास नेटवर्क के योगदान को सराहा

आगा खान विकास नेटवर्क (AKDN) के अध्यक्ष प्रिंस रहीम आगा खान पंचम ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने भारत की विकास प्राथमिकताओं में आगा खान विकास नेटवर्क के दीर्घकालिक योगदान की सराहना की। वहीं, प्रिंस रहीम आगा खान ने भारत के समावेशी विकास और सामाजिक प्रगति के लिए नेटवर्क की प्रतिबद्धता दोहराई।

सतत विकास और सामाजिक क्षेत्र में काम की सराहना

बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने भारत में आगा खान विकास नेटवर्क के लंबे समय से जारी योगदान की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से सतत शहरी विकास, जल संरक्षण, स्वास्थ्य सेवा, ग्रामीण स्वच्छता, युवाओं के कौशल विकास और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में नेटवर्क के कार्यों को रेखांकित किया।

विरासत संरक्षण में योगदान की प्रशंसा

प्रधानमंत्री ने देशभर में ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण और नवीनीकरण के जरिए भारत की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने में एकेडीएन के अग्रणी प्रयासों की भी सराहना की।

समावेशी विकास के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई

प्रिंस रहीम आगा खान ने भारत के समावेशी विकास और सामाजिक प्रगति में आगा खान विकास नेटवर्क की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने भारत की परिवर्तनकारी विकास पहलों की सराहना की और लोक कल्याणकारी कार्यों में नवाचार की भूमिका को लेकर अपने विचार साझा किए। (इनपुट: पीआईबी)