प्रधानमंत्री मोदी अर्जेंटीना पहुंचे, 57 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली द्विपक्षीय यात्रा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली के निमंत्रण पर ब्यूनस आयर्स पहुंचे। पीएम की यह यात्रा ऐतिहासिक मानी जा रही है क्योंकि 57 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली द्विपक्षीय यात्रा है। प्रधानमंत्री मोदी के आगमन पर एजीजा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका औपचारिक स्वागत किया गया। अर्जेंटीना पहुंचते ही प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “द्विपक्षीय यात्रा के लिए ब्यूनस आयर्स पहुंचा हूं, जिसमें अर्जेंटीना के साथ संबंधों को बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। मैं राष्ट्रपति जेवियर माइली से मिलने और उनके साथ विस्तृत बातचीत करने के लिए उत्सुक हूं।”

वहीं विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “स्थायी मित्रता का जश्न मनाते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अर्जेंटीना पहुंचे हैं। यह यात्रा भारत-अर्जेंटीना संबंधों में एक नया अध्याय जोड़ेगी।” गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति माइली की आखिरी मुलाकात नवंबर 2024 में ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में G-20 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी। हालांकि, मोदी इससे पहले 2018 में भी G-20 सम्मेलन में भाग लेने के लिए अर्जेंटीना गए थे, लेकिन वह यात्रा द्विपक्षीय नहीं थी।

भारत और अर्जेंटीना के बीच रिश्ते वर्षों से मजबूत होते गए हैं। 2019 में इन्हें रणनीतिक साझेदारी के स्तर पर ले जाया गया और 2024 में दोनों देशों ने अपने 75 साल के कूटनीतिक संबंधों का जश्न मनाया। प्रधानमंत्री मोदी इस यात्रा के दौरान अर्जेंटीना के स्वतंत्रता सेनानी जनरल जोस डे सैन मार्टिन की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि भी देंगे। यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब अर्जेंटीना बड़े आर्थिक सुधारों को लागू कर रहा है, जो कुछ हद तक भारत में पहले हुए सुधारों से मिलते-जुलते हैं। इस यात्रा के दौरान व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य, रक्षा, खनिज संसाधन, कृषि, खाद्य सुरक्षा, हरित ऊर्जा, डिजिटल नवाचार, आपदा प्रबंधन, विज्ञान, शिक्षा और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने घाना और त्रिनिदाद और टोबैगो की सफल यात्रा पूरी की है। अर्जेंटीना के बाद वह ब्राजील जाएंगे, जहां वे पहले रियो डी जेनेरियो में BRICS शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और फिर ब्रासीलिया में द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा का अंतिम पड़ाव नामीबिया होगा।-(IANS)

RELATED ARTICLES

13 hours ago | Donald Trump Iran Sanctions

ट्रंप के दावे पर ईरान का पलटवार: होर्मुज जलडमरूमध्य पर प्रतिबंध अब भी बरकरार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान पर लगाए गए नौसैनिक प्रतिबंध हटाने के दावे के बावजूद ई...

30/05/26 | 12:43 pm | Bodh Gaya Myanmar President welcome

बोधगया पहुंचे म्यांमार के राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग, राज्यपाल हसनैन ने किया स्वागत

म्यांमार के राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग ने अपने भारत दौरे की शुरुआत बिहार के बोधगया से की, जहां उ...

30/05/26 | 11:47 am | Ajit Doval Moscow security forum

आतंकवाद के खिलाफ भारत का सख्त रुख, सीमा पार समर्थन देने वाले देशों पर वैश्विक कार्रवाई की अपील

विदेश मंत्रालय ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि भारत आतंकवाद के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर क...