प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमंता बिस्वा सरमा को दूसरी बार असम का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। उन्होंने सीएम सरमा की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने एक बेहतरीन प्रशासक के तौर पर अपनी पहचान बनाई है और राज्य के लिए अग्रणी कार्य किए हैं।
असम के लिए एक शानदार दिन
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शपथ ग्रहण समारोह की फोटो शेयर करते हुए लिखा, ”असम के लिए एक शानदार दिन। लगातार तीसरी बार, एनडीए सरकार ने सत्ता संभाली है। शपथ ग्रहण करने पर हिमंता बिस्वा सरमा को बधाई। उन्होंने एक बेहतरीन प्रशासक के तौर पर अपनी पहचान बनाई है और राज्य के लिए अग्रणी कार्य किए हैं। उनके आगामी कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं।”
पीएम मोदी ने सरमा के साथ शपथ लेने वाले चार मंत्रियों को भी बधाई दी
इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने सरमा के साथ शपथ लेने वाले चार मंत्रियों को भी बधाई दी। पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में लिखा, “असम सरकार में मंत्री के रूप में शपथ लेने पर रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोरो और अजंता नेओग को हार्दिक बधाई। असम के विकास की गति को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में उनके प्रयासों के लिए मेरी ओर से उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं।”
राजनाथ सिंह ने लिखा
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर हिमंता बिस्वा सरमा को हार्दिक बधाई। मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और उनके कुशल नेतृत्व में, असम विकास, समावेशी उन्नति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छुएगा। मैं हिमंता जी के आगामी कार्यकाल के अत्यंत सफल, प्रभावशाली और परिवर्तनकारी होने की कामना करता हूं। आज शपथ लेने वाले सभी मंत्रियों को भी बहुत-बहुत बधाई।”
हिमंता सरमा को दूसरी बार सीएम बनने पर बधाई देते हुए नितिन गडकरी ने लिखा
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने हिमंता सरमा को दूसरी बार सीएम बनने पर बधाई देते हुए लिखा, “असम में विकास और परिवर्तनकारी प्रगति का एक नया अध्याय शुरू हो रहा है। मैंने मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया। असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर हिमंता बिस्वा सरमा को मेरी हार्दिक बधाई। लगातार तीसरी बार भाजपा को मिला असम की जनता का जनादेश, प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में उनके गहरे विश्वास को दर्शाता है। मुझे पूरा विश्वास है कि यह जनादेश तेज विकास और प्रभावी सुशासन में तब्दील होगा। हमारे विभाग की ओर से, लगभग 2 लाख करोड़ रुपए की परियोजनाएं पाइपलाइन में हैं, जो एक मज़बूत, गतिशील और प्रगतिशील असम के निर्माण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करती हैं।”
बिस्वा ने लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली
हिमंता बिस्वा सरमा ने लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही वह असम में लगातार दो कार्यकाल तक मुख्यमंत्री बनने वाले पहले गैर-कांग्रेसी नेता बन गए। गुवाहाटी में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अलावा एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री शामिल हुए। (इनपुट-आईएएनएस)


