प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रंप को गाजा शांति समझौते पर दी बधाई, भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता पर हुई चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बातचीत की और उन्हें ‘ऐतिहासिक’ गाजा शांति समझौते की सफलता पर बधाई दी। दोनों नेताओं के बीच यह फोन कॉल ऐसे समय हुआ जब इजराइल और हमास ट्रंप द्वारा प्रस्तावित शांति समझौते के पहले चरण पर सहमत हुए हैं। इस बातचीत में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता में हुई हाल की प्रगति की भी समीक्षा की और आगे संपर्क में बने रहने पर सहमति जताई।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “अपने मित्र, राष्ट्रपति ट्रंप से बात की और ऐतिहासिक गाजा पीस प्लान की सफलता पर उन्हें बधाई दी। व्यापार वार्ता में हुई अच्छी प्रगति की भी समीक्षा की। आने वाले हफ्तों में निकट संपर्क में रहने पर सहमति बनी।” यह एक महीने के अंतराल में दोनों नेताओं के बीच दूसरी बातचीत थी। इससे पहले 16 सितंबर को ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर फोन कर शुभकामनाएं दी थीं।

विशेषज्ञों के मुताबिक महीनों के तनाव के बाद भारत और अमेरिका के बीच रिश्ते अब स्थिर होते दिख रहे हैं। दोनों देशों ने व्यापार वार्ता को फिर से शुरू किया है। सितंबर के अंत में, वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर से मुलाकात की थी।

वाणिज्य मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है कि भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने अमेरिकी सरकार के साथ सौदे के विभिन्न पहलुओं पर ‘रचनात्मक बैठकें’ कीं। बयान में आगे कहा गया, “दोनों पक्षों ने संभावित व्यापार समझौते की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया और पारस्परिक रूप से लाभकारी सौदे को जल्द अंतिम रूप देने पर सहमति जताई।”-(IANS)

RELATED ARTICLES

4 hours ago | जापान

वित्त मंत्री सीतारमण ने बैंकॉक में ब्रिटेन, स्विट्जरलैंड और जापान के वित्त मंत्रियों से द्विपक्षीय बातचीत की

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को बैंकॉक में ब्रिटेन, स्विट्जरलैंड और जापान के अपने स...

4 hours ago | defence industry

भारत-ग्रीस रक्षा सहयोग को नई गति, संयुक्त उत्पादन के लिए औद्योगिक रोडमैप बनेगा

भारत और ग्रीस ने रक्षा सहयोग को मजबूत करने की दिशा में नई पहल तलाशने और संयुक्त रक्षा उत्पादन को...