प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को घाना की संसद को संबोधित किया और उन्हें प्रदान किए गए प्रतिष्ठित “ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना” सम्मान को दोनों देशों के बीच स्थायी मैत्री और साझा मूल्यों को समर्पित किया। पीएम मोदी ने कहा, “मैं इसे हमेशा संजोकर रखूंगा”
प्रधानमंत्री मोदी को बुधवार को घाना के राष्ट्रपति जॉन महामा ने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान द ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार से सम्मानित किया। पीएम मोदी ने इस सम्मान के लिए घाना के राष्ट्रपति को धन्यवाद दिया और इसे “बेहद गर्व की बात” बताया। वहीं, घाना की संसद को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने 1.4 अरब भारतीयों की ओर से अफ्रीकी राष्ट्र के प्रति आभार व्यक्त किया तथा पुरस्कार के साथ भावनात्मक जुड़ाव का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि पिछली शाम एक मार्मिक अनुभव था। मेरे प्रिय मित्र राष्ट्रपति महामा से राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करना सम्मान की बात है। पीएम मोदी ने कहा, “मैं इसे हमेशा संजोकर रखूंगा। भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से मैं इस पुरस्कार के लिए घाना के लोगों को धन्यवाद देता हूं। मैं इसे भारत और घाना के बीच स्थायी मित्रता और साझा मूल्यों को समर्पित करता हूं।” उन्होंने लोकतंत्र, सम्मान और लचीलेपन के प्रति अपनी स्थायी प्रतिबद्धता के लिए पश्चिम अफ्रीकी राष्ट्र की सराहना की और इसे ‘प्रेरणा का स्तम्भ’ बताया।
वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार को घाना की संसद के विशेष सत्र को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बन गए। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और वैश्विक शासन में वैश्विक दक्षिण की आवाज को बुलंद करने के लिए भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। संसद को संबोधित करने के बाद उन्होंने घाना सांसदों से भी बातचीत की। उन्होंने एक्स पर इसकी तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “आज सुबह अपने संबोधन के बाद घाना के सांसदों से बातचीत करना अद्भुत अनुभव रहा। भारत के बारे में उनके द्वारा कहे गए अच्छे शब्द सुनकर मुझे बहुत खुशी हुई।”
पांच देशों के अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान , इसके दूसरे चरण में प्रधानमंत्री मोदी 3-4 जुलाई, 2025 को त्रिनिदाद और टोबैगो की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री त्रिनिदाद और टोबैगो की राष्ट्रपति क्रिस्टीन कार्ला कंगालू और प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर के साथ वार्ता करेंगे। प्रधानमंत्री के त्रिनिदाद और टोबैगो की संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करने की भी उम्मीद है। अपनी यात्रा के तीसरे चरण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 4 से 5 जुलाई तक अर्जेंटीना की यात्रा करेंगे।


