पीएम मोदी ने 71 हजार से अधिक नवनियुक्तों को नियुक्ति पत्र किए वितरित, कहा- ‘देश के हजारों युवाओं के लिए हो रही जीवन की नई शुरुआत’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 71 हजार से ज्यादा नवनियुक्तों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नवनियुक्त युवाओं को शुभकामनाएं दीं और कहा, ”आज देश के हजारों युवाओं के लिए जीवन की एक नई शुरुआत हो रही है। आपका वर्षों का सपना पूरा हुआ है, वर्षों की मेहनत सफल हुई है।”

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, मैं कल देर रात ही कुवैत से लौटा हूं, वहां मेरी भारत के युवाओं से, प्रोफेशनल्स से लंबी मुलाकात हुई, काफी बातें हुईं। अब यहां आने के बाद मेरा पहला कार्यक्रम देश के नौजवानों के साथ हो रहा है, ये सुखद संयोग है।

देश के हजारों युवाओं के लिए जीवन की एक नई शुरुआत

आगे जोड़ते हुए उन्होंने कहा, आज देश के हजारों युवाओं के लिए जीवन की एक नई शुरुआत हो रही है। आपका वर्षों का सपना पूरा हुआ है, वर्षों की मेहनत सफल हुई है।

भारत के युवाओं के सामर्थ्य और प्रतिभा का भरपूर उपयोग सरकार की प्राथमिकता

2024 का ये जाता हुए साल, आपको और आपके परिवार को नई खुशियां देता हुआ जा रहा है। मैं आप सभी युवाओं और आपके परिवारों को अनेक-अनेक बधाई देता हूं। पीएम मोदी ने कहा, भारत के युवाओं के सामर्थ्य और प्रतिभा का भरपूर उपयोग हमारी सरकार की प्राथमिकता है।

डेढ़ साल में 10 लाख युवाओं को सरकार ने पक्की सरकारी नौकरी दी

उन्होंने कहा, रोजगार मेलों के जरिए हम लगातार इस दिशा में काम कर रहे हैं। पिछले 10 वर्षों से सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और संस्थानों में सरकारी नौकरी देने का अभियान चल रहा है। आज भी 71,000 से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। बीते एक डेढ़ साल में करीब 10 लाख युवाओं को हमारी सरकार ने पक्की सरकारी नौकरी दी है।

भारत का युवा, नए आत्मविश्वास से भरा हुआ है

पीएम ने कहा, आज भारत का युवा, नए आत्मविश्वास से भरा हुआ है। वो हर सेक्टर में अपना परचम लहरा रहा है। आगे जोड़ते हुए उन्होंने कहा, पहले पाबंदियों के कारण जो शिक्षा व्यवस्था छात्रों पर बोझ बन जाती थी, वो अब उन्हें नए विकल्प दे रही है। अटल टिंकरिंग लैब्स और आधुनिक पीएम श्री स्कूलों के जरिए बचपन से ही इनोवेटिव माइंडसेट को गढ़ा जा रहा है।

हमारा प्रयास है- हर क्षेत्र में महिलाएं आत्मनिर्भर बनें

पीएम मोदी ने कहा, आज यहां हजारों बेटियों को भी नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। आपकी सफलता दूसरी महिलाओं को प्रेरित करेगी। हमारा प्रयास है कि हर क्षेत्र में महिलाएं आत्मनिर्भर बनें। 

देशभर में 45 स्थानों पर रोजगार मेले का आयोजन

उल्लेखनीय है कि रोजगार मेला रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह युवाओं को राष्ट्र निर्माण और आत्म-सशक्तिकरण में उनकी भागीदारी के लिए सार्थक अवसर प्रदान करता है। देशभर में 45 स्थानों पर रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेले की शुरुआत अक्टूबर 2022 में की गई थी और अब तक 50 शहरों में राष्ट्रीय स्तर पर ऐसे 13 मेले आयोजित किए जा चुके हैं।

सरकारी विभागों और मंत्रालयों में रिक्त पदों को भरने की दिशा में अहम कदम

इन मेलों में लाखों युवाओं को नियुक्ति पत्र जारी किए गए हैं, जो विभिन्न सरकारी विभागों और मंत्रालयों में रिक्त पदों को भरने की दिशा में एक कदम है। ये भर्तियां गृह मंत्रालय, डाक, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, और वित्तीय सेवाओं जैसे मंत्रालयों और विभागों में शामिल होंगी। रोजगार मेला युवाओं के बीच रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में एक कदम है।

RELATED ARTICLES

1 min ago | Lieutenant Governor Taranjit Singh Sandhu

दिल्ली के एलजी तरनजीत सिंह संधू ने मेट्रो में किया सफर, लोगों से की बातचीत

दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने शनिवार को मेट्रो में सफर किया। इस दौरान मेट्रो यात्रि...

36 mins ago | Defense Minister Rajnath Singh

वियतनाम नौका हादसे पर प्रधानमंत्री मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वियतनाम में हुए नौका हादसे पर दुख जता...