नई दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एस्टोनिया गणराज्य के राष्ट्रपति अलार करिस से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने पिछले वर्ष पेरिस में एआई एक्शन समिट के दौरान हुई अपनी भेंट को याद करते हुए लोकतंत्र और कानून के शासन जैसे साझा मूल्यों पर आधारित भारत–एस्टोनिया संबंधों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
भारत–यूरोपीय संघ संबंधों पर सकारात्मक संकेत
दोनों नेताओं ने जनवरी 2026 में हुए भारत–यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन के दौरान मुक्त व्यापार समझौते के सफल समापन के साथ द्विपक्षीय संबंधों में आई रणनीतिक प्रगति का स्वागत किया। उन्होंने इसे वैश्विक आर्थिक सहयोग को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
डिजिटल, एआई और साइबर सहयोग पर फोकस
बैठक में आईटी, डिजिटलीकरण, भविष्य की प्रौद्योगिकियों, ई-गवर्नेंस, साइबर सुरक्षा, स्टार्टअप और कौशल विकास के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। दोनों नेताओं ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और स्मार्ट एनर्जी मैनेजमेंट में साझेदारी की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
सांस्कृतिक संबंध और प्रतिभा गतिशीलता पर सहमति
दोनों पक्षों ने भारत और एस्टोनिया के बीच बढ़ते सांस्कृतिक संबंधों और जन-संपर्क पर संतोष व्यक्त किया। राष्ट्रपति करिस ने एस्टोनिया में भारतीय पेशेवरों के योगदान की सराहना की और टैलेंट मोबिलिटी तथा पर्यटन को बढ़ावा देने पर सहमति जताई। (इनपुट: पीआईबी)


