पीएम मोदी ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाओं के लिए विश्व के नेताओं का आभार जताया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर विश्व के नेताओं द्वारा दी गई हार्दिक शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया और दुनिया भर से प्राप्त बधाई संदेशों के लिए गहरी कृतज्ञता व्यक्त की।

पीएम मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामनाएं देने के लिए लिए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह और भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे समेत अन्य नेताओं का आभार जताया।

प्रधानमंत्री मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामनाएं देने के लिए फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों का आभार व्यक्त करते हुए एक्स पर कहा, “मेरे दोस्त, आपकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद!”

भूटान और नेपाल जैसे पड़ोसी देशों के नेताओं ने भी भारत को स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामनाएं दीं। भूटान के प्रधानमंत्री तोबगे ने अपने ‘‘बड़े भाई’’ प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि दोनों देशों की मित्रता और संबंध लगातार प्रगाढ़ होते रहेंगे।

पीएम मोदी ने इसके जवाब में कहा, ‘‘हम भूटान के साथ अपनी उस विशेष और स्थायी साझेदारी को बहुत महत्व देते हैं, जो निरंतर मजबूत हो रही है।’’

वहीं, नेपाल के प्रधानमंत्री शाह ने मोदी को ‘‘हार्दिक बधाई’’ और शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि नेपाल और भारत के बीच गहरे ऐतिहासिक संबंध, लोगों के आपसी रिश्ते तथा सहयोग आने वाले वर्षों में लगातार मजबूत होगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने उनका आभार जताते हुए कहा कि भारत एवं नेपाल के लोगों के कल्याण एवं पारस्परिक समृद्धि के लिए दोनों देशों के बीच बहुआयामी तथा सदियों पुराने सभ्यतागत संबंधों को और मजबूत करने के वास्ते भारत मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री मोदी, सरकार और भारत के ‘‘मित्रवत लोगों’’ को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता के आठ दशक भारत की सरकार और उसके लोगों की आकांक्षाओं, दृढ़ता तथा अटूट भावना को दर्शाते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘इस शुभ अवसर पर मैं आपसी सम्मान, साझा समृद्धि और दोनों देशों के लोगों के बीच स्थायी मित्रता पर आधारित हमारी घनिष्ठ साझेदारी को और आगे बढ़ाने की मालदीव सरकार की प्रतिबद्धता दोहराता हूं।’’

पीएम मोदी ने शुभकामनाओं के लिए राष्ट्रपति मुइज्जू का आभार जताते हुए कहा, ‘‘भारत और मालदीव के बीच मित्रता का संबंध निरंतर मजबूत होता रहे।’’

वहीं, साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि साइप्रस और भारत के बीच रणनीतिक साझेदारी साझा सिद्धांतों तथा समान हितों पर आधारित है तथा यह साझेदारी भविष्य की योजनाओं से निर्देशित है और दोनों देशों के लोगों को लाभ पहुंचा रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम इस साझेदारी को और गहरा तथा व्यापक बनाने एवं इसकी पूरी क्षमता का उपयोग करने के लिए दृढ़ता से प्रतिबद्ध हैं।’’

प्रधानमंत्री मोदी ने उनका आभार जताते हुए कहा कि भारत दोनों देशों के बीच घनिष्ठ एवं व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने को लेकर उत्सुक है। (इनपुट-पीटीआई)