प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में हुए बस हादसे में सात लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पीएम मोदी ने जताई संवेदना
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, पीएम मोदी ने कहा, “हिमाचल प्रदेश के चंबा में हुए हादसे में लोगों की जान जाना बेहद दुखद है। जिन परिवारों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायल लोग जल्द स्वस्थ हों।”
सीएम सुक्खू ने भी जताया शोक
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि चंबा जिले के तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर चालुज मोड़ के पास हुए बस हादसे में 7 लोगों की मौत और 11 लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
घायलों के उपचार के निर्देश
मुख्यमंत्री सुक्खू ने जिला प्रशासन को सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराने और उनके समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की।
सांसद सुरेश कश्यप ने भी जताया दुख
भाजपा सांसद सुरेश कश्यप ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चंबा जिले के बैरागढ़ क्षेत्र में चलूंज मोड़ के समीप चंबा-बैरागढ़ मार्ग पर शर्मा बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त की।
सुबह करीब साढ़े छह बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, निजी बस सुबह करीब 6:30 बजे बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही थी। तीसा-बैरागढ़ मुख्य मार्ग पर देवीकोठी के पास चालुज मोड़ पर बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। बस में कुल 18 लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद कुछ लोग बस के नीचे दब गए।
सात की मौत, ग्यारह घायल
चंबा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने 7 लोगों की मौत और 11 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। हादसे के कारणों तथा मृतकों और घायलों की पहचान को लेकर आधिकारिक विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। (इनपुट: आईएएनएस)


