प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलीपींस में आए भीषण भूकंप पर दुःख जताया है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में भारत फिलीपींस के साथ खड़ा है।
PM मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “फिलीपींस में आए भूकंप से जानमाल के नुकसान की खबर से बेहद दुखी हूं। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं और घायलों के जल्दी स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। भारत इस मुश्किल समय में फिलीपींस के साथ खड़ा है।”
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार रात आए 6.9 तीव्रता के भूकंप से फिलीपींस के सेबू प्रांत में भारी तबाही हुई है। अब तक 69 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और 147 से ज्यादा लोग घायल हैं। कई लोग अब भी मलबे में दबे हो सकते हैं, इसलिए राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
सबसे ज्यादा 30 लोगों की मौत बोगो सिटी में हुई है, जो भूकंप का केंद्र था। इसके अलावा 22 लोगों की मौत सैन रेमिजियो, 10 की मेडेलिन, 5 की टाबोगोन और एक-एक की मौत सोगोद व टाबुएलान में हुई है। ज़्यादातर मौतें घरों और इमारतों की दीवारें गिरने से हुईं।
फिलीपींस इंस्टीट्यूट ऑफ वॉल्केनोलॉजी एंड सिस्मोलॉजी ने बताया कि भूकंप 5 किलोमीटर की गहराई में आया था। झटके मध्य और दक्षिणी फिलीपींस के कई हिस्सों में महसूस किए गए। संस्था के अनुसार, मंगलवार रात से अब तक 600 से ज्यादा आफ्टरशॉक्स दर्ज किए गए हैं।


