आंध्र प्रदेश सड़क हादसे पर पीएम मोदी ने जताया गहरा दुख, मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये सहायता का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में हुए सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस दुर्घटना को बेहद दुखद बताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही प्रधानमंत्री ने मुआवजे का भी ऐलान किया है।

पीएम मोदी का बयान

पीएमओ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट करते हुए लिखा:

“आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है। इस घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि पीएमएनआरएफ से दी जाएगी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।”

हादसे की जानकारी

ज्ञात हो, आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले के मंत्रालयम मंडल के चिलकलडोना इलाके के पास गुरुवार को एक भयानक सड़क दुर्घटना हुई। एक बोलेरो गाड़ी और लॉरी की जोरदार टक्कर में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से 12 लोग घायल हो गए। 

सभी मृतक और घायल कर्नाटक के तीर्थयात्री थे, जो मंत्रालयम मंदिर के दर्शन करने आए थे और वापस लौटते समय यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। घायलों को एम्मिगनूर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रधानमंत्री के मुआवजे के ऐलान से पीड़ित परिवारों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। (इनपुट-एजेंसी)