प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन सुरंग के ढहने से हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
पीएमएनआरएफ से अनुग्रह राशि का घोषणा
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, हादसे में घायल हुए प्रत्येक व्यक्ति को 50,000 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
सोशल मीडिया मंच एक्स पर जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि सिक्किम के नामची में निर्माणाधीन सुरंग के ढहने से हुई जनहानि से वह बेहद व्यथित हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी।
राहत एवं बचाव कार्य जारी
सुरंग ढहने की घटना के बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए और प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए अभियान चलाया गया। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। (इनपुट: पीआईबी)


