Print

पीएम मोदी ने विजयादशमी की बधाई दी, कहा- यह विजय पर्व हर किसी के संकल्प को नई शक्ति प्रदान करे

देशभर में धूमधाम से आज मंगलवार को बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व विजयादशमी (दशहरा) मनाया जा रहा है। इस पावन पर्व पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को दशहरा (विजयादशमी) की बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि उल्लास और विश्वास का यह विजय पर्व हर किसी के संकल्प को नई शक्ति प्रदान करे। सभी का जीवन सुख-सौभाग्य और सफलता से समृद्ध हो, यही कामना है।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “आप सभी को विजयादशमी की अनंत शुभकामनाएं। उल्लास और विश्वास का यह विजय पर्व हर किसी के संकल्प को नई शक्ति प्रदान करे।”

वहीं इससे पहले, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दशहरा की पूर्व संध्या पर भारतीयों को शुभकामनाएं दीं । राष्ट्रपति ने सोमवार को अपने संदेश में कहा है, “विजयादशमी के शुभ अवसर पर, देश-विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को मैं हार्दिक बधाई देती हूं। प्रभु श्रीराम की रावण पर विजय के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले इस पर्व का विशेष महत्व है। प्रभु श्रीराम को धर्म और नैतिक आचरण का साक्षात स्वरूप माना गया है। यह त्योहार अधर्म और अन्याय पर धर्म और न्याय की विजय का उत्सव है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, नैतिकता और कर्तव्य के आदर्शों पर आधारित है। प्रभु श्रीराम की विजय के इस त्योहार के दिन, सभी देशवासी यह संकल्प लें कि अपनी विरासत के उच्च आदर्शों पर चलते हुए विकसित भारत एवं समावेशी समाज के निर्माण में अपना योगदान देंगे।