पीएम मोदी ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए भारतीय खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्कॉटलैंड के ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 (CWG) के लिए भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “कॉमनवेल्थ गेम्स की शुरुआत हो रही है, ऐसे में मैं भारतीय दल को अपनी शुभकामनाएं देता हूं। मुझे पूरा भरोसा है कि हमारे खिलाड़ी जोश, दृढ़ संकल्प और बेहतरीन प्रदर्शन की भावना के साथ इन खेलों में हिस्सा लेंगे। हमारे खिलाड़ियों का हुनर और लगन हमेशा अनगिनत भारतीयों को प्रेरित करते हैं।”

इस बार भारत की ओर से कई दिग्गज एथलीट्स कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा ले रहे हैं। हालांकि इस संस्करण में बैडमिंटन, हॉकी, रेसलिंग जैसे कई बड़े इवेंट शामिल नहीं हैं। ऐसे में भारतीय प्रशंसकों की नजरें मुख्य रूप से नीरज चोपड़ा (भाला फेंक) और मीराबाई चानू (वेटलिफ्टिंग) पर टिकी हुई हैं।

टूर्नामेंट की शुरुआत

गुरुवार को ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की औपचारिक शुरुआत की। इसमें भारत की ध्वजवाहक मीराबाई चानू और मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन रहीं।

पहले दिन भारत का शानदार प्रदर्शन

टूर्नामेंट के पहले दिन भारत को अच्छी शुरुआत मिली। बॉल्स प्रतियोगिता में पिंकी सिंह और रूपा रानी टिर्की की जोड़ी ने माल्टा को हराया। पुरुष वर्ग में पुतुल सोनोवाल ने मौजूदा विश्व चैंपियन को उलटफेर करते हुए हराया। केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया भी ग्लासगो पहुंचे हैं।

उन्होंने पहले दिन के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए लिखा, “कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की रोमांचक शुरुआत। आज हमारे एथलीटों ने बॉल्स महिला पेयर्स इवेंट में आखिरी थ्रो पर शानदार जीत हासिल की।”

पिछले खेलों में शानदार प्रदर्शन

भारत ने पिछले कॉमनवेल्थ गेम्स में कुल 61 पदक जीते थे, जिसमें 22 स्वर्ण, 16 रजत और 23 कांस्य पदक शामिल थे। इस बार भी भारतीय खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। देशभर में भारतीय एथलीटों के लिए शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है। (इनपुट-एजेंसी)

RELATED ARTICLES

28/07/26 | 9:46 am

Commonwealth Games 2026: शर्मिला ने देश को दिलाया दूसरा गोल्ड, भारत की झोली कुल 10 मेडल्स

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में सोमवार देर रात (भारतीय समय के अनुसार) देश के खाते में 4 और पदक जुड़ गए। भारत ...