प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओस्लो में आयोजित तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन के दौरान आइसलैंड की प्रधानमंत्री क्रिस्टर्न फ्रॉस्टडॉटिर के साथ द्विपक्षीय बैठक की। प्रधानमंत्री फ्रॉस्टडॉटिर के पदभार संभालने के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात थी। प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें आइसलैंड के इतिहास की सबसे युवा प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी।
व्यापार और निवेश सहयोग बढ़ाने पर चर्चा
बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने भारत और आइसलैंड के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा की। विशेष रूप से भारत-यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौते (टीईपीए) के लागू होने के बाद उभरने वाले अवसरों पर विचार-विमर्श किया गया। दोनों नेताओं ने सहमति जताई कि यह समझौता व्यापार, निवेश और विनिर्माण सहयोग को नई गति देगा।
भू-तापीय ऊर्जा और नवाचार पर सहयोग
प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री फ्रॉस्टडॉटिर ने भू-तापीय ऊर्जा, मत्स्य पालन, नवोन्मेषी प्रौद्योगिकी, रचनात्मक अर्थव्यवस्था, संस्कृति, पर्यटन, गतिशीलता और जन-जन संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग की प्रगति की समीक्षा की। दोनों नेताओं ने आर्कटिक अनुसंधान में सहयोग को और गहरा करने पर भी चर्चा की।
भारत आने का निमंत्रण
पीएम नरेंद्र मोदी ने आइसलैंड की प्रधानमंत्री क्रिस्टर्न फ्रॉस्टडॉटिर को आपसी सहमति से सुविधाजनक समय पर भारत आने का निमंत्रण भी दिया। (इनपुट: पीआईबी)


