स्लोवाकिया के राष्ट्रपति से मिले पीएम मोदी, बोले- आपके विचार बेहद मूल्यवान

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी के साथ अपनी मुलाकात को सुखद बताते हुए कहा कि उनके विचार और दृष्टिकोण हमेशा प्रेरणादायक तथा मूल्यवान होते हैं।

सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, “राष्ट्रपति पेलेग्रिनी, आपसे मिलकर खुशी हुई। मुझे प्रसन्नता है कि हम अपनी पिछली मुलाकात में शुरू हुई महत्वपूर्ण चर्चाओं को आगे बढ़ा सके। आपके विचार और दृष्टिकोण हमेशा बेहद प्रेरणादायक और मूल्यवान होते हैं।”

प्रधानमंत्री ने स्लोवाकिया के राष्ट्रपति के उस पोस्ट को भी साझा किया, जिसमें उन्होंने दोनों नेताओं के बीच खुले और मैत्रीपूर्ण संवाद का उल्लेख किया था। राष्ट्रपति पेलेग्रिनी ने लिखा, “मुझे खुशी है कि मैं और नरेन्द्र मोदी इस वर्ष फरवरी में नई दिल्ली में शुरू हुए खुले और मित्रतापूर्ण संवाद को आगे बढ़ा रहे हैं।”

इससे पहले 15 जून को ब्रातिस्लावा स्थित राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पेलेग्रिनी के बीच विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, “आज राष्ट्रपति पेलेग्रिनी के साथ हुई वार्ता में विनिर्माण, परिवहन, नवाचार, निवेश, ऊर्जा, जैव ईंधन और अन्य कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। डिजिटल प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भी सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। हमने लोगों के बीच संपर्क को और मजबूत करने पर भी विचार-विमर्श किया।”

दोनों नेताओं के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता भी हुई, जिसमें विदेश मंत्री एस. जयशंकर, विदेश सचिव विक्रम मिस्री और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल शामिल रहे।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों नेताओं ने डिजिटलीकरण, नवाचार, रक्षा, अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में भारत-स्लोवाकिया साझेदारी के विस्तार का स्वागत किया।

मंत्रालय ने कहा, “दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने और दोनों देशों के बीच गर्मजोशीपूर्ण तथा मैत्रीपूर्ण संबंधों को और आगे ले जाने पर चर्चा की।”

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पेलेग्रिनी ने उपहारों का आदान-प्रदान किया तथा एक चित्रकला प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) से पहले स्लोवाकिया के राष्ट्रपति भवन में एक योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें स्लोवाकियाई युवाओं ने प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पेलेग्रिनी की उपस्थिति में योगाभ्यास किया।

राष्ट्रपति पेलेग्रिनी ने एक्स पर लिखा, “यह स्लोवाकिया के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। हमारे देश की पहली आधिकारिक यात्रा पर आए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत करना सम्मान की बात है। मैंने उन्हें भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी। यह उपलब्धि जनता के विश्वास, दृढ़ता और वर्षों की सेवा का प्रतीक है।”

उन्होंने कहा कि फरवरी में नई दिल्ली में हुई मुलाकात के बाद दोनों देश अपने सहयोग को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं। व्यापार, नई प्रौद्योगिकी, परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष और लोगों के बीच संबंधों को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है।

पेलेग्रिनी ने कहा, “हम 30 वर्षों से अधिक पुराने राजनयिक संबंधों को एक ऐसे व्यावहारिक और गतिशील गठबंधन में बदल रहे हैं, जो दोनों देशों के नागरिकों के लिए ठोस परिणाम लेकर आएगा।

-(इनपुटःएजेंसी)