प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सिख प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल ने गुरु गोबिंद सिंह जी और माता साहिब कौर जी की अत्यंत पवित्र और अनमोल धरोहर ‘जोर साहिब’ की सुरक्षा और उचित प्रदर्शन से जुड़ी अपनी सिफारिशें प्रधानमंत्री को सौंपीं।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ऐसी पवित्र धरोहरें केवल सिख इतिहास का गौरवशाली हिस्सा ही नहीं हैं, बल्कि पूरे राष्ट्र की सांस्कृतिक धरोहर का अहम अंग हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी की यह धरोहर आने वाली पीढ़ियों को साहस, धर्मनिष्ठा, न्याय और सामाजिक सद्भाव के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने पवित्र ‘जोर साहिब’ के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व को उजागर करते हुए प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि इस धरोहर की पूरी सुरक्षा और गरिमामय प्रदर्शन सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि देश इन धरोहरों को श्रद्धा और सम्मान के साथ सुरक्षित रखेगा।
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री ने उन्हें जवाब देते हुए कहा कि वे सिख प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हैं और उनके प्रयासों की सराहना करते हैं, जो सिख विरासत को संरक्षित करने और उसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।


