पीएम मोदी ने क्राउन प्रिंस से की मुलाकात, भारत-यूएई साझेदारी में दुबई की भूमिका को बताया अहम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मंगलवार को दुबई के क्राउन प्रिंस और यूएई के डिप्टी प्रधानमंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम से नई दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि दुबई भारत-यूएई की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहा है। पीएम मोदी ने इस मुलाकात को दोनों देशों की गहरी दोस्ती का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह यात्रा भविष्य में और भी मजबूत सहयोग का रास्ता खोलेगी।

शेख हमदान मंगलवार को दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंचे हैं, यह उनकी पहली आधिकारिक यात्रा है। उनके साथ यूएई सरकार के कई मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और एक उच्च स्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी साथ आया है। प्रधानमंत्री मोदी ने उनके सम्मान में दोपहर भोज का आयोजन किया। इस दौरान शेख हमदान ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात की।

शेख हमदान ने पीएम मोदी से बातचीत के बाद कहा कि यह मुलाकात भारत-यूएई के मजबूत रिश्तों की पुष्टि करती है। उन्होंने कहा कि दोनों देश विश्वास, साझा इतिहास और एक समृद्ध भविष्य के सपने के साथ आगे बढ़ रहे हैं। इससे पहले विदेश मंत्री जयशंकर ने दिल्ली में उनका स्वागत किया और उन्हें भारत-यूएई के जीवंत संबंधों का समर्थक बताया।

शेख हमदान बुधवार को मुंबई जाएंगे, जहां वे भारत और यूएई के व्यापारिक नेताओं के साथ गोलमेज सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस बैठक से दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग और व्यापारिक रिश्तों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।-(With Input IANS)

RELATED ARTICLES

06/11/26 | 4:19 pm | India US military exercise

भारत-अमेरिका का संयुक्त सैन्य अभ्यास टाइगर ट्रायम्फ 2026 संपन्न, विशाखापत्तनम में हुआ समापन समारोह

भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय त्रि-सेवा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) अभ्यास 'टाइगर ...

06/11/26 | 8:45 am | Democrats

ट्रंप ने ईरान पर और सैन्य कार्रवाई के दिए संकेत, डेमोक्रेट्स युद्ध खत्म करने की कर रहे तैयारी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ और सैन्य कार्रवाई करने के संकेत दिए हैं। हाल...