पीएम मोदी 15 से 20 मई तक पांच देशों के दौरे पर, यूएई से होगी शुरुआत

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 15 से 20 मई तक पांच देशों की विदेश यात्रा पर रहेंगे। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि इस दौरे में प्रधानमंत्री संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अलावा नीदरलैंड्स, स्वीडन, नॉर्वे और इटली का दौरा करेंगे। यात्रा का मुख्य फोकस व्यापार, निवेश, रक्षा, हरित प्रौद्योगिकी, नवाचार और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना रहेगा।

यूएई से होगी यात्रा की शुरुआत

विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 15 मई को यूएई पहुंचेंगे, जहां वह राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायेद अल नाहयान से मुलाकात करेंगे। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों, ऊर्जा सहयोग और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा होगी। भारत और यूएई के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी है और वहां 45 लाख से अधिक भारतीय रहते हैं।

नीदरलैंड्स में भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन पर फोकस

यूएई के बाद प्रधानमंत्री 15 से 17 मई तक नीदरलैंड्स की यात्रा करेंगे। वर्ष 2017 के बाद यह उनकी दूसरी नीदरलैंड्स यात्रा होगी। यहां तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें व्यापार, निवेश, हरित प्रौद्योगिकी और नवाचार प्रमुख मुद्दे रहेंगे।

प्रधानमंत्री नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और सम्राट विलेम-अलेक्जेंडर तथा महारानी मैक्सिमा से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे और शीर्ष कारोबारी नेताओं से भी बातचीत करेंगे।

स्वीडन के साथ एआई और हरित प्रौद्योगिकी सहयोग पर जोर

17 मई को प्रधानमंत्री स्वीडन के गोथनबर्ग पहुंचेंगे। यह उनकी दूसरी स्वीडन यात्रा होगी। इससे पहले वह 2018 में पहले भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में शामिल हुए थे।

इस यात्रा के दौरान व्यापार, निवेश, हरित परिवर्तन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), उभरती प्रौद्योगिकियां, रक्षा सहयोग, अंतरिक्ष सहयोग और जलवायु कार्रवाई जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।

प्रधानमंत्री यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भी शामिल होंगे। इस मंच पर यूरोप और ब्रिटेन के प्रमुख उद्योगपति मौजूद रहेंगे। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन भी इसमें संबोधित करेंगी।

भारत-स्वीडन व्यापार संबंधों में लगातार वृद्धि

विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत और स्वीडन के बीच द्विपक्षीय व्यापार 2025 में लगभग 7.75 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया है। भारत में 280 से अधिक स्वीडिश कंपनियां और स्वीडन में 75 से अधिक भारतीय कंपनियां सक्रिय हैं।

दोनों देशों ने हाल ही में “स्वीडन-इंडिया टेक्नोलॉजी एंड एआई कॉरिडोर” स्थापित करने के लिए संयुक्त वक्तव्य पर हस्ताक्षर किए हैं। इसका उद्देश्य एआई और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना है।

नॉर्वे की 43 वर्षों बाद ऐतिहासिक यात्रा

प्रधानमंत्री मोदी 18 मई को नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोरे के निमंत्रण पर नॉर्वे जाएंगे। यह प्रधानमंत्री मोदी की पहली द्विपक्षीय नॉर्वे यात्रा होगी और पिछले 43 वर्षों में भारत के किसी प्रधानमंत्री की पहली नॉर्वे यात्रा भी होगी।

प्रधानमंत्री नॉर्वे के राजा किंग हैरल्ड पंचम और रानी सोन्या से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह भारत-नॉर्वे व्यापार एवं अनुसंधान शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

ओस्लो में होगा तीसरा भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन

19 मई को ओस्लो में तीसरा भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें नॉर्वे, डेनमार्क, फिनलैंड, आइसलैंड और स्वीडन के प्रधानमंत्री भाग लेंगे।

नॉर्डिक देश भारत के लिए प्रौद्योगिकी, सतत विकास, नवीकरणीय ऊर्जा और डिजिटलीकरण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण साझेदार माने जाते हैं। भारत और नॉर्डिक देशों के बीच वस्तुओं और सेवाओं का द्विपक्षीय व्यापार लगभग 90 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच चुका है।

इटली में रक्षा और समुद्री सुरक्षा सहयोग पर चर्चा

दौरे के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री मोदी इटली जाएंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस दौरान रक्षा औद्योगिक सहयोग, सह-विकास, सह-उत्पादन और समुद्री सुरक्षा सहयोग पर विशेष चर्चा होगी।

भारत और इटली आतंकवाद के वित्तपोषण के खिलाफ भी मिलकर काम कर रहे हैं। इटली में करीब 2.5 लाख भारतीय समुदाय के लोग रहते हैं, जबकि 6,000 से अधिक भारतीय छात्र वहां अध्ययन कर रहे हैं।

कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर की संभावना

विदेश मंत्रालय ने कहा कि यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण समझौतों और एमओयू पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। यह यात्रा भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते, सुरक्षा एवं रक्षा साझेदारी और गतिशीलता सहयोग समझौते की पृष्ठभूमि में हो रही है।

सरकार के मुताबिक, प्रधानमंत्री की यह यात्रा व्यापार, निवेश, नवाचार, रक्षा, सुरक्षा, हरित ऊर्जा और लोगों के बीच संबंधों को नई मजबूती देगी। (इनपुट: आईएएनएस)