प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को तीन दिवसीय दौरे पर ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह यात्रा भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती देगी। प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास जताया कि इस दौरे से दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा और रणनीतिक सहयोग को नई गति मिलेगी।
पीएम अल्बनीज से होगी अहम वार्ता
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि वह ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ होने वाली बातचीत को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय से मिलने का अवसर भी मिलेगा, जो भारत-ऑस्ट्रेलिया साझेदारी का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के निमंत्रण पर इस दौरे पर पहुंचे हैं।
गवर्नर जनरल और उद्योग जगत से भी करेंगे मुलाकात
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी अपने समकक्ष एंथनी अल्बनीज के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसके अलावा वह ऑस्ट्रेलिया की गवर्नर जनरल सैम मोस्टिन से मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम में भी शामिल होंगे और दोनों देशों के प्रमुख उद्योगपतियों को संबोधित करेंगे।
भारतीय समुदाय को करेंगे संबोधित
प्रधानमंत्री मोदी मेलबर्न में भारतीय प्रवासी समुदाय की एक विशाल सभा को भी संबोधित करेंगे। भारतीय समुदाय को दोनों देशों के बीच मजबूत संबंधों का अहम आधार माना जाता है और इस कार्यक्रम को दौरे का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
ऑस्ट्रेलिया ने भारत को बताया अहम आर्थिक साझेदार
प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा से पहले ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने भारत को ऑस्ट्रेलिया का महत्वपूर्ण आर्थिक साझेदार बताया। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री कार्यालय ने जारी बयान में कहा कि दुनिया की चौथी सबसे बड़ी और तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में भारत, ऑस्ट्रेलिया के लिए रणनीतिक और आर्थिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण साझेदार है।
मेलबर्न में वैदिक हवन से हुआ स्वागत
प्रधानमंत्री मोदी के आगमन से पहले मेलबर्न में भारतीय समुदाय के सदस्यों ने उनके स्वागत के लिए वैदिक हवन का आयोजन किया। वहीं, ऑस्ट्रेलिया में भारत के उच्चायुक्त नागेश सिंह ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी की यह तीसरी ऑस्ट्रेलिया यात्रा है, जो दोनों देशों के लगातार मजबूत होते संबंधों का स्पष्ट संकेत है।
भारतीय समुदाय ने किया भव्य स्वागत
भारतीय मूल के लोग बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री के होटल के बाहर एकत्र हुए। कड़ाके की ठंड के बावजूद लोगों ने “भारत माता की जय” और “मोदी-मोदी” के नारों के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। (इनपुट: एजेंसी)


