पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव की जयंती पर पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि, कहा- देश उनका हमेशा आभारी रहेगा

देशभर में आज शनिवार को भारत रत्न से सम्मानित पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर कई केंद्रीय और राज्य स्तरीय नेताओं ने उन्हें याद करते हुए उनके दूरदर्शी नेतृत्व, विद्वता और आर्थिक सुधारों में किए गए योगदान की प्रशंसा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “विकास पथ के महत्वपूर्ण चरण के दौरान उनके प्रभावी नेतृत्व के लिए भारत उनका आभारी है। उनकी बुद्धि, ज्ञान और विद्वत्तापूर्ण स्वभाव की भी व्यापक रूप से प्रशंसा की जाती है।” उन्होंने राव को भारत के आर्थिक और राजनीतिक इतिहास में एक प्रेरणास्रोत बताया। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने उन्हें “देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने वाला नेतृत्वकर्ता” बताते हुए लिखा, “लोकप्रिय राजनेता एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, ‘भारत रत्न’ पी.वी. नरसिम्हा राव की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दिखाने के अभिनव प्रयासों के लिए आपको सदैव याद किया जाएगा।”

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पी.वी. नरसिम्हा राव को सच्चा राष्ट्रभक्त बताते हुए कहा कि “वह आधुनिक अर्थशास्त्र की गहरी समझ रखने वाले, राष्ट्रभक्त, विद्वान और युगद्रष्टा थे। उनकी नीतियां और विचार आज भी राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा हैं।” हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने राव को “आर्थिक सुधारों का शिल्पकार” बताते हुए कहा कि “उनके नेतृत्व में भारत ने एक नई आर्थिक दिशा की ओर कदम बढ़ाया। वह दूरदर्शी राजनीतिज्ञ, कुशल प्रशासक और प्रशासनिक दक्षता के प्रतीक थे। वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान को सुदृढ़ करने में उनका योगदान अमूल्य रहा है। उनके विचार भारत के युवाओं को सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।”

गौरतलब है कि पी.वी. नरसिम्हा राव 1991 से 1996 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे। उनके कार्यकाल में भारत ने उदारीकरण, निजीकरण और वैश्वीकरण की दिशा में कदम बढ़ाया, जिससे देश की अर्थव्यवस्था का कायाकल्प हुआ। -(IANS)

RELATED ARTICLES

8 mins ago | banking sector

सरकार ने आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक पुनर्गठन को दी मंजूरी

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने आईडीबीआई बैंक लिमिटेड के रणनीतिक पुनर्गठन को म...

40 mins ago | Anita Anand

प्रधानमंत्री मोदी से मिलीं कनाडाई विदेश मंत्री अनीता आनंद, व्यापार-तकनीक समेत कई मुद्दों पर चर्चा

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरा...