प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुरुवार को समाज सुधारक महात्मा अय्यंकाली की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि, “महात्मा अय्यंकाली को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि! उन्हें सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण के प्रतीक के रूप में याद किया जाता है। वे ज्ञान और शिक्षा के प्रति समर्पित थे। उनके प्रयास पीढ़ियों को एक न्यायपूर्ण और समान समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करते रहेंगे।”
वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी अय्यंकाली को नमन किया और उन्हें एक महान सुधारक तथा सामाजिक अग्रदूत बताया। उन्होंने लिखा कि महात्मा अय्यंकाली ने वंचित वर्गों के उत्थान के लिए शिक्षा का लोकतंत्रीकरण किया और समुदायों के बीच सेतु निर्माण का कार्य किया। अमित शाह ने कहा कि उनका मार्ग आज भी सभी के लिए प्रेरणादायी है।
केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने अय्यंकाली के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जातिगत भेदभाव और उत्पीड़न के खिलाफ निडर होकर लड़ाई लड़ी। उन्होंने श्रमिकों के अधिकारों के लिए भी आवाज उठाई। विजयन ने कहा कि सामाजिक न्याय और समानता की लड़ाई में उनका संघर्ष मार्गदर्शक है और हमें उनकी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए उत्पीड़ितों के उत्थान के आंदोलनों को मजबूत करना चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर ने भी केरल के वेल्लायामबालम में आयोजित कार्यक्रम में पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें नमन किया। गौरतलब है कि महात्मा अय्यंकाली का जन्म केरल के त्रावणकोर (वर्तमान तिरुवनंतपुरम) में हुआ था। वे एक प्रमुख समाज सुधारक थे जिन्होंने दलित समुदाय के अधिकारों, सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के लिए जीवनभर संघर्ष किया। भारतीय समाज में उनके योगदान को आज भी सम्मान और प्रेरणा के साथ याद किया जाता है।


