पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलिया-इंडिया ऑर्केस्ट्रा की प्रस्तुति ‘मां तुझे सलाम’ की तारीफ की, कहा-दिल को छू लेने वाली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेलबर्न पहुंचने पर उनके स्वागत में पेश की गई कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां को देखा, जिनमें ऑस्ट्रेलिया के पारंपरिक वाद्ययंत्र ‘डिजेरिडू’ और भारतीय ‘तबला’ का खास फ्यूज़न, ‘माँ तुझे सलाम’ की 10-पीस सिम्फनी ऑर्केस्ट्रा प्रस्तुति और कथक नृत्य शामिल थे। कार्यक्रम में देशभक्ति का माहौल भी देखने को मिला। इन प्रस्तुतियों ने भारत और ऑस्ट्रेलिया को जोड़ने वाली समृद्ध सांस्कृतिक विविधता को उजागर किया। पीएम मोदी ने इन कार्यक्रमों की सराहना की।

पीएम मोदी के ऑस्ट्रेलिया पहुंचने पर मेलबर्न में भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “मेलबर्न में मौसम भले ही ठंडा हो, लेकिन भारतीय समुदाय की ओर से मिले गर्मजोशी भरे स्वागत का अनुभव सचमुच अविस्मरणीय था। उनका स्नेह और भारत के साथ अटूट रिश्ता हमेशा ही अपार खुशी और गर्व का स्रोत रहा है।”

वहीं, उनके स्वागत में प्रस्तुत की गई आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां से भावविभोर होकर पीएम मोदी उनकी तारीफ की। उन्होंने एक्स पर लिखा, “ऑस्ट्रेलिया-इंडिया ऑर्केस्ट्रा की ‘मां तुझे सलाम’ की दिल को छू लेने वाली प्रस्तुति शानदार थी। इसने बहुत खूबसूरती से दिखाया कि संगीत हमारे लोगों के बीच रिश्तों को कैसे मजबूत करता है। इस यादगार परफॉर्मेंस के लिए ऑर्केस्ट्रा के हर सदस्य को मेरी बधाई। यह ‘वंदे मातरम’ की वैश्विक लोकप्रियता को भी दर्शाता है, खासकर ऐसे समय में जब हम इसकी 150वीं वर्षगांठ मना रहे हैं।”

पीएम मोदी ने एक अन्य कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऑस्ट्रेलिया के प्राचीन वाद्ययंत्र ‘डिजेरिडू’ (Didgeridoo) और भारत के ‘तबले’ की एक बेहद शानदार संगीतमय प्रस्तुति देखने को मिली। इन दोनों कालजयी वाद्ययंत्रों के बीच का तालमेल हमारे दोनों देशों के गहरे सांस्कृतिक जुड़ाव को खूबसूरती से दर्शाता है।

इसके अलावा मेलबर्न में भारतीय समुदाय द्वारा किए गए स्वागत समारोह के दौरान कथक की शानदार प्रस्तुति देखकर भी पीएम मोदी बहुत खुश हुए। जिसकी तारीफ करते हुए उन्होंने एक्स पर कहा, “यह देखकर अच्छा लगा कि पूरे ऑस्ट्रेलिया में भारतीय नृत्य लोकप्रिय हो रहे हैं।”

आपको बता दें, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ के निमंत्रण पर पीएम मोदी 8 से 10 जुलाई, 2026 को मेलबर्न की यात्रा पर रहेंगे।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर लिखा, ”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेलबर्न पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी और खास अंदाज में स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ तीसरे वार्षिक शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान वे कई लोगों और संगठनों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे, ताकि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत किया जा सके।”