प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अपने एक दिवसीय बिहार दौरे के क्रम में बेगूसराय के सिमरिया पहुंचे और यहां औंटा-सिमरिया पुल को जनता को समर्पित किया। इस मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे।
पुल उद्घाटन के बाद पीएम मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पुल से ही उपस्थित जनता का अभिवादन किया। प्रधानमंत्री मोदी का इस दौरान स्थानीय महिलाओं ने गीत गाकर स्वागत किया।
पीएम मोदी ने गंगा नदी पर नवनिर्मित 6 लेन औंटा-सिमरिया पुल पर रोड शो करते हुए लोगों का अभिवादन किया। लोगों में पीएम मोदी के आगमन को लेकर खास उत्साह दिखा। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद रहे।
गंगा नदी पर बने औंटा-सिमरिया 6 लेन गंगा ब्रिज के शुरू हो जाने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन और सुगम हो जाएगा। यह पुल मोकामा के औंटा और बेगूसराय के सिमरिया को जोड़ता है। इसकी लंबाई 1.865 किलोमीटर है, जबकि पहुंच पथ को मिलाकर परियोजना की कुल लंबाई 8.150 किलोमीटर है। इस परियोजना पर लगभग 1871 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
पटना जिले के मोकामा को बेगूसराय से जोड़ने वाली यह परियोजना उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जो सात दशक पुराने राजेंद्र सेतु का विकल्प प्रदान करेगी। महत्त्वपूर्ण एनएच-31 कॉरिडॉर पर स्थित, यह पुल 4लेन/6लेन औंटा (मोकामा)-सिमरिया (बेगुसराय) खड्याचा केंद्र बिंदु बना है। इसका महत्व सिर्फ इसकी इंजीनियरिंग शक्ति में नहीं है, बल्कि बिहार के लिए कनेक्टिविटी और विकास के वादे में भी है।
नया 6 लेन का पुल, पुराने राजेंद्र सेतु के समानांतर बनाया गया है। यह पटना और मुजफ्फरपुर में ट्रैफिक जाम को कम करने के लिए एक सीधा और आधुनिक विकल्प प्रदान करता है, न केवल यातायात के प्रवाह को बहाल करता है, बल्कि नदी के दोनों किनारों पर समुदायों की आशा और महत्वाकांक्षा को पूरा करता है। (इनपुट-एजेंसी)


