जकार्ता में पीएम मोदी का भव्य तरीके से हुआ औपचारिक स्वागत, राष्ट्रपति सुबियांतो के साथ होगी अहम द्विपक्षीय बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन देशों के दौरे के पहले चरण में इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंच गए हैं। यहां उनका गर्मजोशी भरा और भव्य औपचारिक स्वागत किया गया। राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने खुद एयरपोर्ट पर पहुंचकर पीएम मोदी का स्वागत किया। सेरेमोनियल रिसेप्शन के दौरान राष्ट्रपति प्रबोवो ने प्रधानमंत्री मोदी को गले लगाकर अभिवादन किया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने इंडोनेशिया के उच्च अधिकारियों और मंत्रियों से मुलाकात की। पीएम मोदी ने इस्ताना मर्डेका (राष्ट्रपति भवन) में गेस्ट बुक पर भी हस्ताक्षर किए।

पीएम मोदी ने इस खास स्वागत का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर साझा करते हुए लिखा,

“कल शाम जकार्ता में हुए खास स्वागत की खास बातें। आज राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो के साथ बातचीत का इंतजार है।”

दूसरे दिन स्कूली बच्चों ने दोनों देशों के राष्ट्रीय ध्वज लेकर पीएम मोदी का स्वागत किया, जिन्हें प्रधानमंत्री ने हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया। सेरेमोनियल रिसेप्शन के दौरान कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने प्रधानमंत्री मोदी को गले लगाकर उनका स्वागत किया।

पीएम मोदी ने राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के उस विशेष भाव की सराहना की, जिसमें उन्होंने खुद एयरपोर्ट पहुंचकर उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि राष्ट्रपति प्रबोवो का एयरपोर्ट पर स्वागत करने आना उनके लिए बहुत गर्मजोशी और भावनाओं से भरा था।

द्विपक्षीय बैठक में इन मुद्दों पर होगी चर्चा

बताना चाहेंगे आज मंगलवार को होने वाली द्विपक्षीय बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई गति देने पर जोर रहेगा। खास तौर पर निम्नलिखित क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होने की उम्मीद है:

– रक्षा और समुद्री सुरक्षा
– क्रिटिकल मिनरल्स
– खाद्य सुरक्षा
– डिजिटल इकोनॉमी

ऐतिहासिक संदर्भ

यह प्रधानमंत्री मोदी की इंडोनेशिया की चौथी यात्रा है, लेकिन 2018 में दोनों देशों के बीच स्थापित व्यापक रणनीतिक साझेदारी के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय यात्रा है। यह यात्रा भारत-इंडोनेशिया संबंधों को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। (इनपुट-एजेंसी)