राजस्थान के बीकानेर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को देश के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 86 जिलों में स्थित 103 पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों का उद्घाटन किया। इसके अलावा, उन्होंने 26,000 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया।
सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज मैं करणी माता से आशीर्वाद लेकर आपके बीच आया हूं। उनकी कृपा से विकसित भारत बनाने का हमारा संकल्प और भी मजबूत हो रहा है। थोड़ी देर पहले विकास से जुड़ी 26 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं का यहां शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। मैं इन परियोजनाओं के लिए देशवासियों को, राजस्थान के मेरे भाई-बहनों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
देश में आज आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने का बहुत बड़ा महायज्ञ चल रहा है
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “विकसित भारत बनाने के लिए देश में आज आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने का बहुत बड़ा महायज्ञ चल रहा है। हमारे देश की सड़कें आधुनिक हों, हमारे देश के एयरपोर्ट आधुनिक हों, हमारे यहां रेल और रेलवे स्टेशन आधुनिक हों। इसके लिए पिछले 11 साल में अभूतपूर्व गति से काम किया गया है। इंफ्रास्ट्रक्चर के इन कामों पर देश पहले जितना पैसा खर्च करता था, आज उससे 6 गुना ज्यादा पैसा खर्च कर रहा है।”
100 से अधिक ‘अमृत भारत स्टेशन’ बनकर तैयार
उन्होंने कहा, “हम एक साथ देश के 1300 से अधिक रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बना रहे हैं। आधुनिक हो रहे इन रेलवे स्टेशनों को देश ने ‘अमृत भारत स्टेशन’ का नाम दिया है। आज इनमें से 100 से अधिक ‘अमृत भारत स्टेशन’ बनकर तैयार हैं।”
दुनिया भी भारत में हो रहे विकास कार्यों को देखकर हैरान
पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज दुनिया भी भारत में हो रहे विकास कार्यों को देखकर हैरान है। उत्तर में चिनाब ब्रिज, पूर्व की ओर अरुणाचल की सेला टनल, असम का बोगीबील ब्रिज जैसे निर्माण आपका स्वागत करते हैं, अगर आप पश्चिम भारत आएंगे तो आपको मुंबई में समुद्र के ऊपर बना अटल सेतु दिखेगा। दक्षिण में आपको पम्बन ब्रिज दिखेगा जो देश में अपनी तरह का पहला ब्रिज है, आज भारत अपने रेल नेटवर्क का आधुनिकीकरण भी कर रहा है। वंदे भारत, अमृत भारत, नमो भारत ट्रेनें देश की नई गति, नई प्रगति को दर्शाती हैं।
देश में करीब 70 रूट पर वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं
प्रधानमंत्री ने रेलवे के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा, “अभी देश में करीब 70 रूट पर वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं। इससे दूर-सुदूर के इलाकों में भी आधुनिक रेल पहुंची है। बीते 11 साल में सैंकड़ों रोड ओवरब्रिज और रोड अंडरब्रिज का निर्माण किया गया है। 34 हजार किमी से ज्यादा के नए ट्रैक बिछाए गए हैं। ‘विकास भी-विरासत भी’ मंत्र का इन अमृत भारत रेलवे स्टेशनों पर नजारा साफ-साफ दिखाई देता है। ये स्थानीय कला और संस्कृति के भी नए प्रतीक हैं।”
राजस्थान के गांव-गांव में अच्छी सड़कें बन रही हैं
पीएम मोदी ने कहा कि आज राजस्थान के गांव-गांव में अच्छी सड़कें बन रही हैं। बॉर्डर के इलाकों में भी शानदार सड़कें बन रही हैं। इसके लिए बीते 11 साल में अकेले राजस्थान में करीब-करीब 70,000 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। राजस्थान में रेलवे के विकास के लिए भी केंद्र सरकार इस साल करीब 10,000 करोड़ रुपये खर्च करने जा रही है। यह 2014 से पहले की तुलना में 15 गुना अधिक है। अभी थोड़ी देर पहले ही यहां से मुंबई के लिए एक नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाई गई है। आज ही कई इलाकों में स्वास्थ्य, जल और बिजली से जुड़ी योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। इन सभी प्रयासों का लक्ष्य है हमारे राजस्थान के शहर हों या गांव, तेजी से उन्नति की ओर बढ़ सकें। राजस्थान के युवाओं को उनके शहर में ही अच्छे अवसर मिल सकें।”
राजस्थान के लिए 26,000 करोड़ की जनकल्याणकारी परियोजनाएं
आपको बता दें, पीएम मोदी ने चूरू-सादुलपुर रेल लाइन (58 किमी) की आधारशिला रखी। साथ ही सूरतगढ़-फलोदी (336 किमी), फुलेरा-डेगाना (109 किमी), उदयपुर-हिम्मतनगर (210 किमी), फलोदी-जैसलमेर (157 किमी) तथा समदड़ी-बाड़मेर (129 किमी) रेल लाइन विद्युतीकरण एवं राजस्थान के लिए 26,000 करोड़ रुपये की जनकल्याणकारी परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित की।
इससे पहले, उन्होंने बीकानेर-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई और एक प्रदर्शनी का भी दौरा किया। इस अवसर पर उनके साथ राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद रहे। पीएम मोदी ने देशनोक में स्थित करणी माता मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना भी की। (IANS, ANI)


