पीएम मोदी ने मां चंद्रघंटा की स्तुति में साझा किया दुर्गा सप्तशती का पावन श्लोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप चंद्रघंटा की पूजा के अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक सुप्रसिद्ध संस्कृत श्लोक साझा कर देवी की स्तुति की। उन्होंने लिखा कि जब देवी प्रसन्न होती हैं तो पृथ्वी पर सभी प्राणियों के लिए मुक्ति का मार्ग प्रशस्त करती हैं।

देवी की महिमा का गान करता श्लोक

प्रधानमंत्री मोदी ने दुर्गा सप्तशती (देवी माहात्म्य) के ग्यारहवें अध्याय ‘नारायणी स्तुति’ का चौथा श्लोक पोस्ट किया—

“त्वं वैष्णवी शक्तिरनन्तवीर्या विश्वस्य बीजं परमासि माया।
सम्मोहितं देवि समस्तमेतत् त्वं वै प्रसन्ना भुवि मुक्तिहेतुः।।”

श्लोक का हिंदी भावार्थ

इसका हिंदी भावार्थ है “हे देवी! आप वैष्णवी शक्ति हैं, अनंत पराक्रम से युक्त। आप ही इस सम्पूर्ण विश्व का मूल कारण हैं और परम माया हैं। यह सारा जगत आपके द्वारा ही नियंत्रित और मोहित है। जब आप प्रसन्न होती हैं, तब पृथ्वी पर सभी प्राणियों के लिए मुक्ति का मार्ग खोल देती हैं।”

नारायणी स्तुति का ऐतिहासिक संदर्भ

यह श्लोक उस पावन अवसर से जुड़ा है जब देवी ने असुर शुंभ और निशुंभ का वध कर दिया था। इंद्र सहित सभी देवता अत्यंत प्रसन्न होकर देवी जगदंबा की आराधना करते हैं और उनकी वैश्विक शक्तियों तथा स्वरूप का गुणगान करते हैं। नारायणी स्तुति उसी आभार और महिमा का गान है।

मां चंद्रघंटा का दिव्य स्वरूप

मंगलवार को नवरात्रि के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की पूजा की जा रही है। माता के मस्तक पर घंटे के आकार का अर्धचंद्र सुशोभित है, इसी कारण इन्हें ‘चंद्रघंटा’ कहा जाता है। देवी के दस हाथों में खड्ग, बाण और अन्य अस्त्र-शस्त्र विराजमान हैं तथा उनका वाहन शेर है। मां का यह स्वरूप साहस, शौर्य, शांति और दुष्ट शक्तियों के नाश का प्रतीक माना जाता है। प्रधानमंत्री का यह पोस्ट नवरात्रि के पावन अवसर पर भक्तों के बीच खास तौर पर चर्चा का विषय बना हुआ है। (इनपुट-एजेंसी)

RELATED ARTICLES

2 hours ago | 24x7 Uninterrupted Power Supply in India

केंद्र ने 24 घंटे बिजली आपूर्ति के लिए राज्यों को ऊर्जा भंडारण क्षमता बढ़ाने की दी सलाह

केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मिशन मोड में ऊर्जा भंडारण क्षमता स्थाप...

3 hours ago | 49.6 Crore People Lifted Out of Poverty in India

12 वर्षों में 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर, जानिए कैसे बदली भारत की तस्वीर

भारत में 2011 से 2023 के बीच अनुमानित 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए। इस दौरान निम्न-मध्यम आय वाले देशों ...