भारत में दक्षिण अफ्रीका के उच्चायुक्त अनिल सूकलाल ने बुधवार को ग्लोबल प्लेटफॉर्म पर विकासशील देशों की चिंताओं को लगातार उठाने में भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका की सराहना की। उन्होंने विकासशील देशों के लिए किए जा रहे प्रयासों को अभूतपूर्व बताया।
जी20 में अफ्रीकी संघ को दिलाई स्थायी सदस्यता
साक्षात्कार में सूकलाल ने कहा कि भारत लंबे समय से ग्लोबल साउथ का नेतृत्व करता रहा है। उन्होंने कहा कि 2023 में भारत की जी20 अध्यक्षता के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर अफ्रीकी संघ को जी20 का स्थायी सदस्य बनाया गया। दक्षिण अफ्रीका समेत पूरे अफ्रीकी महाद्वीप ने इस कदम की सराहना की।
‘वॉयस ऑफ ग्लोबल साउथ समिट’ से मजबूत हुई आवाज
उच्चायुक्त ने बताया कि भारत ने अपनी अध्यक्षता के दौरान ‘वॉयस ऑफ ग्लोबल साउथ समिट’ की शुरुआत की, जिसकी अध्यक्षता दो बार पीएम मोदी ने की। इस पहल ने विकासशील देशों के प्रमुख मुद्दों को वैश्विक एजेंडा में प्रमुखता से रखा और साझा समाधान पर जोर दिया।
वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती साख
सूकलाल ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में पिछले दस वर्षों में भारत की जीडीपी दोगुनी से अधिक हुई है और भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। उन्होंने ब्रिक्स, जी20 और ग्लोबल साउथ पहल में भारत की सक्रिय भूमिका को उभरती बहुध्रुवीय दुनिया को आकार देने वाला बताया।
बांग्लादेश में लोकतांत्रिक सरकार की उम्मीद
दक्षिण अफ्रीकी उच्चायुक्त ने बांग्लादेश में लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकार की वापसी की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि अंतरिम सरकार द्वारा चुनाव कराने का फैसला स्वागतयोग्य है और शांतिपूर्ण चुनाव क्षेत्रीय व वैश्विक स्थिरता के लिए जरूरी हैं। (इनपुट: आईएएनएस)


