मेलबर्न में भारतीय समुदाय से बोले पीएम मोदी, विकसित भारत के लक्ष्य में सहयोग का किया आह्वान

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में भारतीय समुदाय के विशाल जनसमूह को संबोधित किया। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ भी विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रवासी भारतीयों के आत्मीय स्वागत के लिए आभार व्यक्त करते हुए भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में भारतीय समुदाय की भूमिका की सराहना की।

अल्बनीज़ की उपस्थिति को बताया विशेष

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ की गरिमामयी उपस्थिति के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को मजबूत बनाने और प्रवासी भारतीय समुदाय के कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता दोनों देशों की साझेदारी को नई मजबूती दे रही है।

भारत-ऑस्ट्रेलिया साझेदारी पर दिया जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत और ऑस्ट्रेलिया के द्विपक्षीय संबंधों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाएं एक-दूसरे की पूरक हैं, जिससे सुरक्षित, समृद्ध और मजबूत साझेदारी के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।

भारतीय समुदाय को बताया दोनों देशों के बीच सेतु

पीएम नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया में रह रहे भारतीय समुदाय की सराहना करते हुए उन्हें भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एक जीवंत सेतु बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय न केवल ऑस्ट्रेलिया के सामाजिक ताने-बाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है, बल्कि अपनी सांस्कृतिक परंपराओं और मूल्यों को भी सहेजकर स्थानीय समाज को समृद्ध बना रहा है।

शिक्षा को बताया मजबूत आधार

प्रधानमंत्री ने ऑस्ट्रेलिया में अध्ययन कर रहे बड़ी संख्या में भारतीय विद्यार्थियों और भारत में अपने परिसर स्थापित कर रहे ऑस्ट्रेलियाई विश्वविद्यालयों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों के सबसे मजबूत स्तंभों में से एक है।

भारत की विकास यात्रा का किया उल्लेख

पीएम मोदी ने भारत की तेज आर्थिक वृद्धि, नीतिगत सुधारों, डिजिटल क्रांति और आधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत संचार प्रौद्योगिकी, सेमीकंडक्टर, स्मार्टफोन विनिर्माण और ‘मेक इन इंडिया’ के तहत रक्षा निर्यात जैसे क्षेत्रों में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।

2047 के विकसित भारत के लक्ष्य में सहयोग की अपील

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक शक्ति, प्रतिभा, प्रौद्योगिकी और नवाचार वैश्विक साझेदारों के लिए नए अवसर पैदा कर रहे हैं। उन्होंने प्रवासी भारतीयों से वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए अपने विचारों, अनुभव और विशेषज्ञता से योगदान देने का आह्वान किया।

प्रवासी भारतीयों की रही बड़ी भागीदारी

कार्यक्रम में विद्यार्थी, पेशेवर, उद्यमी, शोधकर्ता, सामुदायिक नेता और सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित भारतीय समुदाय के विभिन्न वर्गों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। यह आयोजन भारत और ऑस्ट्रेलिया के लोगों के बीच गहरे और आत्मीय संबंधों का प्रतीक बना। वर्तमान में ऑस्ट्रेलिया में भारतीय मूल के लगभग 10 लाख लोग निवास करते हैं। (इनपुट: पीआईबी)