पीएम मोदी ने कतर के अमीर से की बात, पूर्व अमीर के निधन पर जताई संवेदना

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से फोन पर बातचीत कर पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने भारत-कतर संबंधों को मजबूत बनाने में पूर्व अमीर के योगदान और भारत के प्रति उनके विशेष लगाव को याद किया।

भारत-कतर संबंधों में योगदान को किया याद

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि उन्होंने शेख तमीम बिन हमद अल थानी से बातचीत के दौरान पूर्व अमीर के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शेख हमद बिन खलीफा अल थानी का भारत के प्रति गहरा लगाव था और कतर में रहने वाले भारतीय समुदाय के प्रति उनका विशेष स्नेह रहा। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत-कतर संबंधों को मजबूत बनाने में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की जताई उम्मीद

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि पूर्व अमीर की विरासत दोनों देशों का मार्गदर्शन करती रहेगी और भारत-कतर की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

74 वर्ष की आयु में हुआ था निधन

कतर के ‘फादर अमीर’ के नाम से प्रसिद्ध शेख हमद बिन खलीफा अल थानी का रविवार को 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। उनके सम्मान में भारत सरकार ने सोमवार को एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की थी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन सहित सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहा।

पीएम पहले भी जता चुके हैं शोक

प्रधानमंत्री ने इससे पहले शेख हमद बिन खलीफा अल थानी को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें “दूरदर्शी नेता” और “भारत का सच्चा मित्र” बताया था। उन्होंने कहा था कि पूर्व अमीर ने कतर को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाई तक पहुंचाया। साथ ही उन्होंने फरवरी 2024 में कतर यात्रा के दौरान हुई अपनी मुलाकात को भी याद किया था।

किरेन रिजिजू ने दोहा पहुंचकर दी श्रद्धांजलि

केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू भी दोहा पहुंचकर कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से मिले। उन्होंने भारत सरकार और देशवासियों की ओर से शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का व्यक्तिगत संदेश भी उन्हें सौंपा। (इनपुट: आईएएनएस)