प्रधानमंत्री मोदी ने मॉरीशस के पीएम से की बात, रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने पर चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मॉरीशस के पीएम डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम के साथ फोन पर बातचीत की है। दोनों नेताओं ने भारत-मॉरीशस के बीच रणनीतिक साझेदारी और क्षेत्रीय विकास को और मजबूत करने पर विचारों का आदान-प्रदान किया।

कल मंगलवार को पीएम मोदी ने बातचीत के बाद एक्स पर पोस्ट किया, “अपने मित्र प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम से बात करके खुशी हुई। हमने भारत-मॉरीशस संवर्धित रणनीतिक साझेदारी और क्षेत्रीय विकास को और मजबूत करने पर विचारों का आदान-प्रदान किया। मॉरीशस भारत के विजन और हमारी पड़ोसी पहले नीति में एक प्रमुख भागीदार बना हुआ है।”

बातचीत के दौरान, दोनों नेताओं ने भारत और मॉरीशस के बीच विशेष और अनूठे संबंधों पर जोर दिया और दोनों देशों के बीच संवर्धित रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के लिए अपनी साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि की। उन्होंने विकास साझेदारी, क्षमता निर्माण, रक्षा, समुद्री सुरक्षा, डिजिटल बुनियादी ढांचे और लोगों के बीच संबंधों सहित कई क्षेत्रों में चल रहे सहयोग पर चर्चा की।

पीएम मोदी ने 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में पीएम रामगुलाम की पूरे दिल से भागीदारी की सराहना की। उन्होंने विजन महासागर और भारत की पड़ोसी पहले नीति के अनुरूप मॉरीशस की विकास प्राथमिकताओं के प्रति भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता को दोहराया।

प्रधानमंत्री मोदी ने पीएम रामगुलाम को जल्द ही भारत आने का निमंत्रण भी दिया। दोनों नेताओं ने संपर्क में बने रहने पर सहमति जताई।

ज्ञात हो, इससे पहले मार्च में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो दिनों के लिए मॉरीशस का दौरा किया था। मॉरीशस की अपनी राजकीय यात्रा के समापन के बाद पीएम मोदी ने आभार व्यक्त करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया। पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया, “मैं पीएम डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम, मॉरीशस के लोगों और सरकार को गर्मजोशी के लिए धन्यवाद देता हूं।”

प्रधानमंत्री मोदी मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस पर दूसरी बार मुख्य अतिथि थे, वह पहली बार मॉरीशस साल 2015 में गए थे। समारोह के दौरान मॉरीशस के राष्ट्रपति धर्मबीर गोखूल ने प्रधानमंत्री मोदी को मॉरीशस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन’ (जी.सी.एस.के) पुरस्कार से सम्मानित किया था। यह पहली बार था जब किसी भारतीय नेता को यह सम्मान मिला। (IANS, ANI)

 

RELATED ARTICLES

06/11/26 | 4:19 pm | India US military exercise

भारत-अमेरिका का संयुक्त सैन्य अभ्यास टाइगर ट्रायम्फ 2026 संपन्न, विशाखापत्तनम में हुआ समापन समारोह

भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय त्रि-सेवा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) अभ्यास 'टाइगर ...

06/11/26 | 8:45 am | Democrats

ट्रंप ने ईरान पर और सैन्य कार्रवाई के दिए संकेत, डेमोक्रेट्स युद्ध खत्म करने की कर रहे तैयारी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ और सैन्य कार्रवाई करने के संकेत दिए हैं। हाल...