29 अगस्त से उज्बेकिस्तान-किर्गिज गणराज्य दौरे पर पीएम मोदी, SCO शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक उज्बेकिस्तान और किर्गिज गणराज्य की यात्रा करेंगे। वे 29–30 अगस्त को द्विपक्षीय यात्रा पर उज्बेकिस्तान जाएंगे, जबकि 31 अगस्त से 1 सितंबर तक किर्गिज गणराज्य में 26वें शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।

उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री 29–30 अगस्त को ताशकंद की राजकीय यात्रा करेंगे। यह प्रधानमंत्री मोदी की उज्बेकिस्तान की चौथी यात्रा होगी। इस दौरान दोनों नेता प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे और दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।

वार्ता में व्यापार एवं निवेश, रक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी, ऊर्जा, शिक्षा और जन-से-जन संबंधों में सहयोग की समीक्षा की जाएगी। दोनों नेता ‘विकसित भारत 2047’ और ‘उज्बेकिस्तान-2030’ के साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने पर भी विचार करेंगे।

प्रधानमंत्री ताशकंद स्थित शास्त्री स्मारक और ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज के महात्मा गांधी केंद्र का दौरा भी कर सकते हैं।

उज्बेकिस्तान के बाद प्रधानमंत्री किर्गिज गणराज्य के राष्ट्रपति सदिर जापारोव के निमंत्रण पर बिश्केक जाएंगे। यहां वे 31 अगस्त से 1 सितंबर तक आयोजित होने वाले 26वें SCO शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

यह शिखर सम्मेलन शंघाई सहयोग संगठन की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हो रहा है। भारत 2017 से SCO का पूर्ण सदस्य है। प्रधानमंत्री सम्मेलन को संबोधित करते हुए मंच पर भारत की प्राथमिकताओं सुरक्षा, कनेक्टिविटी और अवसर (Security, Connectivity and Opportunity) को रेखांकित करेंगे।

प्रधानमंत्री सम्मेलन से इतर SCO देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। इसके अलावा, वे छठे विश्व नोमैड खेलों के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे, जो मध्य एशिया की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का उत्सव है।

(MEA)

RELATED ARTICLES

38 mins ago | Artisan Livelihood

भारत ट्यूलिप से पारंपरिक कारीगरों के उत्पादों को मिला डिजिटल बाजार

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम (एनबीसीएफडीस...

1 hour ago

33,660 करोड़ रुपए की भव्य योजना से बदलेगा भारत का विनिर्माण इकोसिस्टम

भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्य) 33,660 करोड़ रुपए की एक पहल है, जिसका उद्देश्य देशभर में 100 प्लग-एंड-प...