पीएम मोदी का महिला आरक्षण पर राजनीतिक दलों से समर्थन का आग्रह, ‘दिमागी नक्सल’ से सावधान किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को सभी राजनीतिक दलों से लोकसभा और विधानसभाओं में महिला आरक्षण लागू कराने के लिए समर्थन देने का आग्रह किया और कहा कि अब यह मुद्दा ‘राजनीतिक अखाड़े का शिकार’ नहीं बने रहना चाहिए। उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की दिशा में युवाओं से समाज और अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व की भूमिका संभालने का आह्वान भी किया।

दिमागी नक्सली अब भी मौके की तलाश में

स्वतंत्रता दिवस पर ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से अपने 13वें संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने देश से नक्सलवाद के खात्मे का उल्लेख किया और कहा कि चुनौती को कभी भी कमतर नहीं आंकना चाहिए और सतर्क रहना होगा क्योंकि ‘हथियारी नक्सल’ भले ही खत्म हो गए हों, लेकिन ‘दिमागी नक्सली’ अब भी मौके की तलाश में हैं।

पीएम मोदी ने नक्सलवाद को खत्म करने में अपनी सरकार की उपलब्धि का उल्लेख किया

प्रधानमंत्री ने नक्सलवाद को खत्म करने में अपनी सरकार की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि नक्सलवाद और माओवाद ने लाखों युवाओं का भविष्य बर्बाद किया, अनेक माताओं से उनके बेटे छीन लिए और परिवारों के सपनों को चूर-चूर कर दिया। उन्होंने कहा कि इस संघर्ष में 3,500 से अधिक सुरक्षाकर्मी शहीद हुए, जबकि युद्ध में भी इतने सैनिकों की मौत नहीं होती।

हमने देश को नक्सलवाद से मुक्त कराने का संकल्प लिया

पीएम मोदी ने कहा, ‘‘2014 में जब हमें मौका मिला तो हमने देश को नक्सलवाद से मुक्त कराने का संकल्प लिया।’ आज खुशी है कि नक्सलवाद के पास आखिरी सांस लेने की भी ताकत नहीं रही।’’

पीएम मोदी ने कहा कि जिन इलाकों में कभी नक्सलवादियों की गोलियां चलती थीं, आज वहां नक्सलवाद से मुक्ति के बाद विकास, विश्वास और प्रयास का तिरंगा लहरा रहा है। उन्होंने आगाह किया कि इस चुनौती को अब भी कमतर नहीं आंकना चाहिए और सतर्क रहना होगा।

‘दिमागी नक्सल’ को पहचानना और उन्हें अलग-थलग करना होगा

प्रधानमंत्री ने कहा कि जंगलों में ‘हथियारी नक्सल’ के खिलाफ सफलता मिली है, लेकिन अब ‘दिमागी नक्सल’ मौके की तलाश में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे तत्व हिंसा और अराजकता के रास्ते खोज रहे हैं तथा समाज को गलत दिशा में ले जाने के लिए तरह-तरह के दांव चल रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि ‘दिमागी नक्सल’ को पहचानना और उन्हें अलग-थलग करना होगा तथा युवाओं को विकसित भारत के निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना होगा।

महिला आरक्षण के विषय पर पीएम मोदी ने कहा

वहीं, प्रधानमंत्री ने महिला आरक्षण के विषय पर कहा, “मैं सभी राजनीतिक दलों से लाल किले की प्राचीर से और तिरंगे झंडे की छाया में आग्रह करता हूं कि महिला आरक्षण लागू करके महिला सम्मान में आप भी जुड़िए, आप भी श्रेय लीजिए, लेकिन माताओं-बहनों को उनका हक दिलाइए।”

पीएम मोदी ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प दोहराया

प्रधानमंत्री देश को 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने नई रफ्तार पकड़ी है और अब 140 करोड़ देशवासियों के संकल्प और सामर्थ्य को रोकना नामुमकिन है। भारत को अब छोटे सपनों के साथ आगे बढ़ने के बजाय बड़े सपने देखने और ऊंचे संकल्प लेने होंगे।

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के करोड़ों नागरिकों ने, चाहे वे दलित, पीड़ित, वंचित, आदिवासी, गांव या शहर में रहने वाले, गरीब या मध्यम वर्ग के हों और देश के किसी भी हिस्से से आते हों, एक संकल्प और समर्पण के साथ देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए योगदान दिया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया, ‘‘इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि इतनी कम समय में 25 करोड़ देशवासी गरीबी से बाहर निकले हैं।’’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत पहले ‘फ्रैजाइल फाइव’ देशों में गिना जाता था, लेकिन पिछले 12 वर्षों में देश दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है।

‘फ्रेजाइल फाइव’ वैश्विक वित्तीय बाजार में इस्तेमाल होने वाला एक शब्द है, जिसका अर्थ ऐसी कमजोर एवं नाजुक अर्थव्यवस्थाओं से है जो अपने विकास के लिए जोखिम भरे विदेशी निवेश पर बहुत अधिक निर्भर हैं।

आत्मनिर्भर भारत के संकल्प पर जोर

प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत के संकल्प पर जोर देते हुए कहा कि भारत को दूसरे देशों पर निर्भर रहकर नहीं जीना है। उन्होंने कहा कि अपने हितों की सुरक्षा भारत को खुद करनी होगी और इसी उद्देश्य से ‘आत्मनिर्भर भारत’, ‘मेक इन इंडिया’ तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे अभियानों को आगे बढ़ाया जा रहा है। सेमीकंडक्टर क्षेत्र का उदाहरण देते हुए मोदी ने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक भारत में इसका कोई बड़ा संयंत्र नहीं बन पाया, लेकिन अब देश में तीन सेमीकंडक्टर संयंत्र शुरू हो चुके हैं और उनमें उत्पादित सेमीकंडक्टर का निर्यात भी शुरू हो गया है। (इनपुट-पीटीआई)

RELATED ARTICLES

2 hours ago | 24x7 Uninterrupted Power Supply in India

केंद्र ने 24 घंटे बिजली आपूर्ति के लिए राज्यों को ऊर्जा भंडारण क्षमता बढ़ाने की दी सलाह

केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मिशन मोड में ऊर्जा भंडारण क्षमता स्थाप...

3 hours ago | 49.6 Crore People Lifted Out of Poverty in India

12 वर्षों में 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर, जानिए कैसे बदली भारत की तस्वीर

भारत में 2011 से 2023 के बीच अनुमानित 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए। इस दौरान निम्न-मध्यम आय वाले देशों ...