पूर्वोत्तर में पशु कल्याण और संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को बागडोगरा से सिक्किम में ‘मामरिंग गौशाला’ का वर्चुअल उद्घाटन किया। राज्य योजना के तहत 7.31 एकड़ में विकसित यह अनूठी सुविधा पाकिम जिले के अंबा ग्राम पंचायत इकाई के मामरिंग में स्थित है।
देशी पशु प्रजातियों के संरक्षण और जैविक पशुधन को बढ़ावा देने के लिए पहल
मामरिंग गौशाला पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में अपनी तरह की पहली गौशाला है। इसे परित्यक्त पशुओं, वध से बचाए गए पशुओं तथा संकटग्रस्त पशुओं को आश्रय प्रदान करने के लिए बनाया गया है। यह पहल देशी पशु प्रजातियों के संरक्षण और जैविक पशुधन को बढ़ावा देने के लिए एक व्यापक दीर्घकालिक दृष्टिकोण का प्रतिनिधित्व करती है।
अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे से है सुसज्जित
यह गौशाला अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे से सुसज्जित है, जहां आठ पशु शेड में 210 पशुओं को रखा जा सकता है। इसमें क्वारेंटाइन और आइसोलेसन यूनिट, एक पूर्ण कार्यात्मक पशु चिकित्सा क्लिनिक, चारा और घास भंडारण सुविधाएं, एक पोस्टमार्टम इकाई और एक निर्दिष्ट दफन भूमि भी है।
परिसर में क्या-क्या खास ?
परिसर में एक उद्यान भी है, जिसमें कांगो सिग्नल घास, नरकट, विशाल नेपियर, सीओ-2 और विभिन्न प्रकार के पेड़ लगे हैं, ताकि पशुओं के लिए उचित पोषण सुनिश्चित किया जा सके। यह सुविधा आधुनिक कृषि मशीनरी से भी सुसज्जित है, जिसमें ब्रश कटर, पावर टिलर, शाफ्ट कटर और पशुओं के लिए सेंसर-सक्षम मसाज ब्रश शामिल हैं। अतिरिक्त सुविधाओं में सुरक्षा और परिचालन दक्षता के लिए सौर ऊर्जा चालित कंपाउंड लाइटिंग व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी शामिल हैं। राज्य पशुपालन एवं पशु चिकित्सा सेवा विभाग ने गौशालाओं के सुचारू एवं प्रभावी संचालन को सुनिश्चित करने के लिए मानक संचालन प्रक्रियाएं विकसित की हैं।
बताना चाहेंगे यहां पशुओं को ज्यादातर पशु चरागाहों में एक मुक्त-श्रेणी प्रणाली के तहत पाला जाएगा ताकि पशु अपने प्राकृतिक व्यवहार को प्रदर्शित कर सकें और बारी-बारी से चरने को बढ़ावा दिया जा सके और हरे चारे के भंडार का विवेकपूर्ण उपयोग किया जा सके। यह सुविधा प्राकृतिक खाद/कीटनाशकों के रूप में गाय के गोबर/गोमूत्र का उपयोग करके जैविक पशुपालन प्रथाओं को बढ़ावा देने की दिशा में क्षेत्र में अनुकरण के लिए एक मॉडल इकाई के रूप में भी काम करेगी और देश की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के साथ एक जुड़ाव भी स्थापित करेगी। इस परिसर को बाद में राज्य में एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा ताकि पशु कल्याण के मुद्दों और देश में मवेशियों की देशी नस्लों के संरक्षण की आवश्यकता के बारे में जागरूकता पैदा की जा सके।
नाम्ची जिले के लिए नवनिर्मित 500 बिस्तरों वाले जिला अस्पताल का किया अनावरण
इसी प्रकार, प्रधानमंत्री मोदी ने आज नाम्ची जिले के लिए नवनिर्मित 500 बिस्तरों वाले जिला अस्पताल, गंगटोक के रिज पार्क में स्वर्ण जयंती मैत्रीय मंजरी परियोजना, पेलिंग के सांगाछोइलिंग में यात्री रोपवे और सांगखोला में अटल अमृत उद्यान में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सिक्किम दौरा आज खराब मौसम के कारण रद्द हो गया। प्रधानमंत्री ने बागडोगरा से वर्चुअल माध्यम से सिक्किम के लोगों को संबोधित करते हुए बुनियादी ढांचे का उद्घाटन किया।


