पीएम मोदी आज ‘मन की बात’ के 125वें एपिसोड में देशवासियों को करेंगे संबोधित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रविवार को सुबह 11 बजे अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 125वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम आकाशवाणी (ऑल इंडिया रेडियो) और दूरदर्शन नेटवर्क पर प्रसारित किया जाएगा। इसके अलावा इसे आकाशवाणी समाचार वेबसाइट, न्यूज ऑनएयर मोबाइल ऐप और आकाशवाणी समाचार, डीडी न्यूज़, प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के यूट्यूब चैनलों पर भी लाइव देखा और सुना जा सकेगा। हिंदी प्रसारण के बाद इसे विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं में भी प्रसारित किया जाएगा।

गौरतलब है कि ‘मन की बात’ अक्टूबर 2014 में शुरू हुआ था और इसे जनसंचार के क्षेत्र में एक अनूठा पहल माना जाता है। इस कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री सीधे नागरिकों से संवाद करते हैं और राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों, सामाजिक विकास, नवाचार और प्रेरणादायक कहानियों को साझा करते हैं। इसका उद्देश्य न केवल सरकार और जनता के बीच दूरी कम करना है, बल्कि सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक बदलाव को बढ़ावा देना भी है।

अब तक ‘मन की बात’ में स्वच्छ भारत अभियान, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल साक्षरता, महिला सशक्तिकरण और जमीनी स्तर पर नवाचार जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई है। इस कार्यक्रम ने इन विषयों को केवल उठाया ही नहीं, बल्कि लोगों को सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया, जिससे कई जन आंदोलन खड़े हुए। उदाहरण के लिए, स्वच्छता और पर्यावरण को लेकर लोगों ने सामूहिक प्रयास किए, जिनका असर राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई दिया।

पिछले एपिसोड यानी 124वें ‘मन की बात’ (27 जुलाई 2025) में प्रधानमंत्री मोदी ने देश की कई उल्लेखनीय उपलब्धियों का जिक्र किया था। उन्होंने खासतौर पर भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का उल्लेख किया था, जो हाल ही में अंतरिक्ष यात्रा से सुरक्षित लौटे थे। प्रधानमंत्री ने इसे भारत के लिए गौरव का क्षण बताया और कहा था कि जैसे ही शुभांशु सुरक्षित पृथ्वी पर लौटे, पूरा देश खुशी से झूम उठा और हर दिल गर्व से भर गया।

‘मन की बात’ लगातार सरकार और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बना हुआ है। यह सहभागी शासन (Participatory Governance) और सामूहिक प्रगति (Collective Progress) की भावना को मजबूत करता है, जिससे नागरिक खुद को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया का सक्रिय हिस्सा मानते हैं।-(IANS)

RELATED ARTICLES

1 hour ago | banking sector

सरकार ने आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक पुनर्गठन को दी मंजूरी

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने आईडीबीआई बैंक लिमिटेड के रणनीतिक पुनर्गठन को म...

2 hours ago | Anita Anand

प्रधानमंत्री मोदी से मिलीं कनाडाई विदेश मंत्री अनीता आनंद, व्यापार-तकनीक समेत कई मुद्दों पर चर्चा

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरा...