पीएम मोदी आज असम को 65000 करोड़ की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रविवार को असम के दौरे पर जाएंगे। पीएम यहां लगभग 65000 करोड़ रुपए की बुनियादी ढांचा और औद्योगिक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री का पहला कार्यक्रम दरांग जिले में होगा, जहां वे एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे और कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनमें दरांग मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, एक जीएनएम स्कूल और बीएससी नर्सिंग कॉलेज शामिल हैं।

इसके साथ ही वे गुवाहाटी रिंग रोड परियोजना की नींव भी रखेंगे, जिससे राजधानी क्षेत्र में यातायात को बढ़ावा मिलेगा और लोगों की आवाजाही आसान होगी। पीएम ब्रह्मपुत्र नदी पर बनने वाले कुरुवा-नरेंगी पुल की आधारशिला भी रखेंगे। यह पुल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा और असम के सामाजिक-आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभाएगा।

इसके बाद प्रधानमंत्री गोलाघाट जिले के नुमालीगढ़ जाएंगे, जहां वे नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड (एनआरएल) में असम बायो-एथनॉल प्लांट का उद्घाटन करेंगे। यह संयंत्र भारत के स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में एक बड़ी पहल है, जिससे जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता घटेगी। साथ ही, वे उसी रिफाइनरी में एक पॉलीप्रोपाइलीन प्लांट की आधारशिला भी रखेंगे। यह प्लांट असम के पेट्रोकेमिकल सेक्टर को मजबूती देगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाएगा।

इससे पहले शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी ने गुवाहाटी में एक सांस्कृतिक समारोह में हिस्सा लिया था, जो भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की 100वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में असम के महान गायक और साहित्यकार को श्रद्धांजलि दी गई।

असम यात्रा के बाद प्रधानमंत्री 15 सितंबर को पश्चिम बंगाल और बिहार का दौरा करेंगे। कोलकाता में वे 16वें संयुक्त कमांडरों के सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद उसी दिन दोपहर लगभग 2:45 बजे बिहार के पूर्णिया जाएंगे, जहां वे पूर्णिया हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे और 36,000 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इसके अलावा, वे बिहार में राष्ट्रीय मखाना बोर्ड का भी उद्घाटन करेंगे, जिससे क्षेत्र की कृषि और निर्यात क्षमता को बढ़ावा मिलेगा।-(PIB)