प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अगस्त से 1 सितम्बर 2025 तक जापान और चीन की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। विदेश मंत्रालय ने आज शुक्रवार को इस कार्यक्रम की जानकारी दी। इस यात्रा का पहला चरण जापान का होगा, जहां वे 29 और 30 अगस्त को जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा के निमंत्रण पर 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे।
जापान में पीएम मोदी का यह आठवां दौरा और प्रधानमंत्री इशिबा के साथ उनका पहला शिखर सम्मेलन होगा। दोनों नेता भारत-जापान विशेष सामरिक और वैश्विक साझेदारी की समीक्षा करेंगे। चर्चा में रक्षा और सुरक्षा, व्यापार और अर्थव्यवस्था, तकनीक और नवाचार, और जन-से-जन संबंध जैसे मुद्दे शामिल होंगे। इसके अलावा क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी बातचीत होने की संभावना है।
वहीं यात्रा के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री मोदी 31 अगस्त से 1 सितम्बर तक चीन के तियानजिन जाएंगे। यहां वे चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के निमंत्रण पर शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी कई सदस्य देशों के नेताओं से द्विपक्षीय मुलाकात भी करेंगे। भारत 2017 से SCO का सदस्य है और 2022-23 में संगठन की अध्यक्षता भी कर चुका है। यह दौरा भारत के पड़ोसी देशों और एशियाई साझेदारों के साथ संबंध मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।-(PIB)


