प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज बुधवार को देशवासियों को महानवमी की शुभकामनाएं दीं और उनकी खुशहाली एवं समृद्धि की प्रार्थना की। नवरात्रि का नौवां दिन महानवमी के रूप में मनाया जाता है, जो देवी सिद्धिदात्री को समर्पित है।
पीएम मोदी ने कामना की
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर नवरात्रि के नौवें दिन आज लता मंगेशकर के ओडियो भक्ति गीत ‘देवी भजन,जगजननी के दर्शन’ को साझा किया है। प्रधानमंत्री ने एक्स पर कहा, “आप सभी को महानवमी की हार्दिक शुभकामनाएं! नवरात्रि का यह शुभ अवसर हर किसी के लिए सौभाग्य, समृद्धि और सफलता लेकर आए, यही कामना है।”
मां सिद्धिदात्री ज्ञान, शक्ति और सभी सिद्धियों की देवी
सिद्धिदात्री का अर्थ है ‘अलौकिक शक्तियां प्रदान करने वाली’। ‘सिद्धि’ अलौकिक क्षमता या ध्यान कौशल का प्रतीक है, जबकि ‘धात्री’ माता का प्रतीक है। नवरात्रि के नौवें दिन मां सिद्धिदात्री की पूजा की जाती है। मां सिद्धिदात्री ज्ञान, शक्ति और सभी सिद्धियों की देवी हैं। उन्हें नवदुर्गा के नाम से जाना जाता है, और वे सभी दिव्य आकांक्षाओं को पूरा करती हैं।
शिव को अर्धनारीश्वर भी कहा जाता है, क्योंकि उनके शरीर का एक भाग सिद्धिदात्री का प्रतीक है। वैदिक शास्त्रों के अनुसार, उन्होंने इसी देवी की आराधना करके सभी सिद्धियां प्राप्त की थीं। (इनपुट-एजेंसी)


