पीएम मोदी का 31 मार्च को गुजरात दौरा, सेमीकंडक्टर प्लांट समेत 20 हजार करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार, 31 मार्च 2026 को अपने गृह राज्य गुजरात के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे आध्यात्मिक, औद्योगिक और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री एक सेमीकंडक्टर प्लांट का उद्घाटन करेंगे और 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।

महावीर जयंती के अवसर पर ‘सम्राट संप्रति संग्रहालय’ का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री के दौरे की शुरुआत सुबह 10 बजे गांधीनगर स्थित कोबा तीर्थ से होगी, जहां वे महावीर जयंती के अवसर पर ‘सम्राट संप्रति संग्रहालय’ का उद्घाटन करेंगे। यह संग्रहालय जैन धर्म के महान संरक्षक सम्राट संप्रति को समर्पित है। सात दीर्घाओं में फैले इस संग्रहालय में 2,000 से अधिक दुर्लभ कलाकृतियां, प्राचीन पांडुलिपियां और पत्थर व धातु की मूर्तियां प्रदर्शित की गई हैं। आधुनिक डिजिटल तकनीक के माध्यम से यह संग्रहालय जैन धर्म की विकास यात्रा को प्रस्तुत करेगा।

सेमीकॉन प्लांट का उद्घाटन करने अहमदाबाद के सानंद भी जाएंगे पीएम मोदी

इसके बाद प्रधानमंत्री दोपहर 12:45 बजे अहमदाबाद के सानंद जीआईडीसी पहुंचेंगे, जहां वे केयन्स सेमीकॉन प्लांट का उद्घाटन करेंगे। माइक्रोन के बाद यह भारत में वाणिज्यिक उत्पादन शुरू करने वाली दूसरी सेमीकंडक्टर इकाई होगी। यहां उन्नत इंटेलिजेंट पावर मॉड्यूल (आईपीएम) का निर्माण किया जाएगा, जिसका उपयोग ऑटोमोटिव और औद्योगिक क्षेत्रों में होता है। इसकी उत्पादन क्षमता प्रतिदिन 6.33 मिलियन यूनिट तक होगी।

पीएम मोदी  20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे

प्रधानमंत्री 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इनमें बिजली, रेलवे, सड़क परिवहन, स्वास्थ्य, शहरी विकास, जनजातीय और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन भी किया जाएगा, जबकि गांधीनगर-कोबा-एयरपोर्ट रोड पर नए फ्लाईओवरों की आधारशिला रखी जाएगी। साथ ही सौर ऊर्जा पारेषण प्रणाली (खावड़ा पूलिंग स्टेशन) का लोकार्पण भी किया जाएगा, जो नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम है।

रेलवे क्षेत्र में कनलस-जामनगर और राजकोट-कनलस रेल लाइनों के दोहरीकरण को राष्ट्र को समर्पित करेंगे

रेलवे क्षेत्र में कनलस-जामनगर और राजकोट-कनलस रेल लाइनों के दोहरीकरण को राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। इसके अलावा खेदब्रह्मा-हिम्मतनगर-असरवा नई ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाई जाएगी। बनासकांठा और पाटन जिलों में पाइपलाइन परियोजनाओं का उद्घाटन कर लाखों लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।

इसके अतिरिक्त ‘रानी की वाव’ और शर्मिष्ठा झील पर लाइट एंड साउंड शो का उद्घाटन किया जाएगा। सिविल अस्पतालों में मरीजों के परिजनों के लिए ‘रैन बसेरों’ का भी लोकार्पण होगा।

प्रधानमंत्री मोदी अहमदाबाद के वेजलपुर में छात्रावास का उद्घाटन करेंगे

प्रधानमंत्री अहमदाबाद के वेजलपुर में छात्रावास का उद्घाटन करेंगे, जो आदिवासी छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाएं प्रदान करेगा। प्रधानमंत्री का यह दौरा गुजरात के औद्योगिक विकास के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक आधार को भी नई मजबूती देगा। (इनपुट-एजेंसी)

RELATED ARTICLES

51 mins ago | banking sector

सरकार ने आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक पुनर्गठन को दी मंजूरी

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने आईडीबीआई बैंक लिमिटेड के रणनीतिक पुनर्गठन को म...

1 hour ago | Anita Anand

प्रधानमंत्री मोदी से मिलीं कनाडाई विदेश मंत्री अनीता आनंद, व्यापार-तकनीक समेत कई मुद्दों पर चर्चा

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरा...