प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके ब्रिटिश समकक्ष कीर स्टारमर आज गुरुवार को मुंबई में वार्ता करेंगे। इससे पहले ब्रिटिश प्रधानमंत्री कल बुधवार को दो दिवसीय भारत यात्रा पर मुंबई पहुंचे। स्टारमर के साथ ब्रिटेन का सबसे बड़ा व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी आया है।
भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करेंगे
वार्ता के दौरान, दोनों प्रधानमंत्री ‘विजन 2035’ के अनुरूप भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न पहलुओं में प्रगति का जायजा लेंगे। ‘विजन 2035’ व्यापार और निवेश, प्रौद्योगिकी और नवाचार, रक्षा और सुरक्षा, जलवायु और ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा और लोगों के बीच संबंधों जैसे प्रमुख स्तंभों में कार्यक्रमों और पहलों का एक केंद्रित और समयबद्ध 10-वर्षीय रोडमैप है।
सीईटीए द्वारा प्रस्तुत अवसरों पर व्यवसायों और उद्योग जगत के नेताओं के साथ भी चर्चा करेंगे
दोनों नेता भविष्य की भारत-ब्रिटेन आर्थिक साझेदारी के एक केंद्रीय स्तंभ के रूप में भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते (सीईटीए) द्वारा प्रस्तुत अवसरों पर व्यवसायों और उद्योग जगत के नेताओं के साथ चर्चा करेंगे। वे क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। दोनों नेता उद्योग विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और नवप्रवर्तकों के साथ भी बातचीत करेंगे।
मुंबई में छठे ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में भी भाग लेंगे दोनों नेता
प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री स्टारमर आज गुरुवार को मुंबई में छठे ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में भी भाग लेंगे और इस अवसर पर मुख्य भाषण देंगे। ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2025 दुनिया भर के नवप्रवर्तकों, नीति निर्माताओं, केंद्रीय बैंकरों, नियामकों, निवेशकों, शिक्षाविदों और उद्योग जगत के नेताओं को एक साथ लाता है। सम्मेलन का मुख्य विषय, ‘एक बेहतर दुनिया के लिए वित्तीय सशक्तिकरण’, एक नैतिक और टिकाऊ वित्तीय भविष्य को आकार देने में प्रौद्योगिकी और मानवीय अंतर्दृष्टि के अभिसरण पर प्रकाश डालता है।


