पीएम मोदी ने देशवासियों से की अपील: ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को उत्सव की तरह मनाएं 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को उत्सव के रूप में मनाने की अपील की है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा, “आइए, हर घर तिरंगा को हर घर में एक उत्सव के रूप में मनाएं। 15 अगस्त को आन-बान-शान से मनाएं, स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दें और विकसित भारत का संकल्प लें। हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा, हर मन तिरंगा। आइए, हर घर पर तिरंगा लहराइए।”

संसद में ‘मंगल मिलन’ के दौरान तिरंगा और वंदे मातरम् का जयघोष

इससे पहले मंगलवार को संसद पुस्तकालय में आयोजित ‘मंगल मिलन’ कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तिरंगा ध्वज के साथ नजर आए। इस मौके पर सभी सांसदों के हाथ में तिरंगा था और उन्होंने जोर-जोर से ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगाए। पीएम मोदी द्वारा शेयर किए गए वीडियो में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन समेत एनडीए के कई नेता भी दिखाई दिए।

दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता और उत्तराखंड सीएम धामी ने किया समर्थन

प्रधानमंत्री की अपील पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पर लिखा, “आइए, स्वतंत्रता के अमर सेनानियों को नमन करें, जिन्होंने अपने त्याग, तप और बलिदान से भारत की स्वाधीनता का मार्ग प्रशस्त किया। पीएम मोदी ने हर दिल्लीवासी और हर भारतवासी से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन का राष्ट्रपर्व बनाने का आह्वान किया है। आइए, अपने घर पर तिरंगा फहराएं, वीरों के बलिदान को स्मरण करें और राष्ट्रगौरव के इस उत्सव को हर गली, हर कॉलोनी तक पहुंचाएं। हर घर तिरंगा। हर मन तिरंगा। भारत माता की जय।”

उन्होंने लोगों से 9 से 17 अगस्त तक चल रहे अभियान से जुड़ने और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 गौरवशाली वर्षों के अवसर पर बलिदानियों को नमन करने की भी अपील की। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में संसद भवन परिसर में आयोजित एनडीए संसदीय दल की ‘मंगल मिलन’ बैठक के दौरान राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव से ओतप्रोत अद्भुत दृश्य देखने को मिला। एनडीए नेताओं द्वारा एक साथ तिरंगा लहराने और ‘वंदे मातरम्’ का उद्घोष करने का यह दृश्य हर देशवासी के हृदय में गर्व की भावना को और मजबूत करता है।

भाजपा सांसद मेधा कुलकर्णी ने बताया गौरवपूर्ण क्षण

भाजपा सांसद मेधा कुलकर्णी ने भी सोशल मीडिया पर लिखा, “हाथों में तिरंगा, कंठ में ‘वंदे मातरम्’ का जयघोष और मन में राष्ट्रभक्ति का भाव। ‘मंगल मिलन’ संसदीय बैठक के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं एनडीए के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ तिरंगा लहराने का यह क्षण अत्यंत गौरवपूर्ण रहा।”

ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत देशभर में, विशेषकर भाजपा शासित प्रदेशों में बाइक रैली सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस दौरान लोग स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपने घरों पर तिरंगा लहराकर राष्ट्र के प्रति गौरव और समर्पण की भावना व्यक्त करते हैं। (इनपुट-एजेंसी)

RELATED ARTICLES

43 mins ago | Artisan Livelihood

भारत ट्यूलिप से पारंपरिक कारीगरों के उत्पादों को मिला डिजिटल बाजार

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम (एनबीसीएफडीस...

1 hour ago

33,660 करोड़ रुपए की भव्य योजना से बदलेगा भारत का विनिर्माण इकोसिस्टम

भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्य) 33,660 करोड़ रुपए की एक पहल है, जिसका उद्देश्य देशभर में 100 प्लग-एंड-प...